केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल में बुधवार से पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू हो गया।
इसके साथ ही स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने केंद्र का उद्घाटन किया।
अब तक कारगिल के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए लेह या श्रीनगर जाना पड़ता था। इसी परेशानी को देखते हुए कारगिल में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। विदेश मंत्रालय ने वर्ष 2017 में लेह में लद्दाख का पहला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित किया था। इससे पहले लद्दाख के लोगों को पासपोर्ट संबंधी काम के लिए श्रीनगर जाना पड़ता था।
कारगिल में नए केंद्र के शुरू होने से कारगिल, जंस्कार और द्रास क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह लद्दाख का दूसरा और देश का 457वां पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र है। इसे विदेश मंत्रालय ने डाक विभाग के सहयोग से कारगिल पोस्ट ऑफिस में स्थापित किया है।
नया केंद्र खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें हज, उमराह या अन्य धार्मिक यात्राओं के लिए विदेश जाना पड़ता है। इसके अलावा विदेश में पढ़ाई, रोजगार और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले युवाओं और नागरिकों को भी अब पासपोर्ट सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
उद्घाटन समारोह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि कारगिल में पासपोर्ट केंद्र की शुरुआत लद्दाख में नागरिक-केंद्रित सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दूरदराज और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के करीब जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार के ‘ईज ऑफ लिविंग’ के लक्ष्य का अहम हिस्सा है।
विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि कारगिल में केंद्र की स्थापना दूरदराज और कम सेवा वाले क्षेत्रों तक पासपोर्ट सेवाओं का विस्तार करने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के मार्गदर्शन में सरकार पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ, नागरिक-केंद्रित और प्रभावी बनाने पर काम कर रही है।
समारोह में लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा, कारगिल स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून समेत विदेश मंत्रालय, डाक विभाग और लद्दाख प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments are closed.