13 साल बाद टूटा पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला का रिश्ता, आपसी सहमति से अलग होने का फैसला
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ सिनेमा के चर्चित अभिनेता पवन कल्याण अपनी पत्नी अन्ना कोनिडेला से अलग हो रहे हैं। शादी के 13 साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है। उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में इस फैसले की पुष्टि की गई है। हालांकि, दोनों ने साफ किया है कि उनके बीच बच्चों की परवरिश और उनकी खुशियों को लेकर जिम्मेदारी पहले की तरह साझा रहेगी।
बच्चों की जिम्मेदारी मिलकर निभाएंगे
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला की ओर से जारी बयान में कहा गया कि साथ में जिंदगी का लंबा सफर तय करने के बाद उन्होंने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने यह भी स्पष्ट किया कि वैवाहिक रिश्ता खत्म होने के बावजूद वे एक-दूसरे के अच्छे दोस्त बने रहेंगे।
बयान के मुताबिक, दोनों अपने बच्चों के प्रति समर्पित माता-पिता बने रहेंगे। बच्चों की खुशी, सुरक्षा और बेहतर भविष्य उनकी प्राथमिकता होगी।
निजी जिंदगी में दखल न देने की अपील
अलग होने के फैसले की जानकारी देते हुए कपल ने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से इस कठिन समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने अपने साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का धन्यवाद भी किया।
पवन कल्याण की तीसरी शादी का भी हुआ अंत
पवन कल्याण का निजी जीवन पहले भी सुर्खियों में रहा है। अभिनेता ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1996 में तेलुगु फिल्म ‘अक्कडा अम्मायी इक्कडा अब्बायी’ से की थी। वह अभिनेता चिरंजीवी और नागेंद्र बाबू के छोटे भाई हैं।
पवन कल्याण ने पहली शादी 1997 में नंदिनी से की थी, लेकिन कुछ समय बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद 2009 में उन्होंने अभिनेत्री और मॉडल रेणु देसाई से विवाह किया। यह रिश्ता भी 2012 में खत्म हो गया। दोनों के दो बच्चे हैं, अकीरा नंदन और आध्या।
इसके एक साल बाद 2013 में पवन कल्याण ने रूस की रहने वाली अन्ना कोनिडेला से शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं, पोलिना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच। अब 13 साल बाद दोनों ने अपने वैवाहिक जीवन को समाप्त करने का फैसला किया है।
Comments are closed.