पीएम मोदी करेंगे कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन, ब्रह्मपुत्र पार करने में अब सिर्फ 7 मिनट लगेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने छह लेन वाले कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे।
यह आधुनिक एक्सट्राडोज्ड पुल गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी के बीच यात्रा को तेज और सुगम बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। करीब 1.24 किलोमीटर लंबा यह पुल 8.4 किलोमीटर के व्यापक कनेक्टिविटी कॉरिडोर का हिस्सा है। लगभग 3,300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए डिजाइन की गई है। इसके शुरू होने के बाद दोनों किनारों के बीच सफर का समय 45–60 मिनट से घटकर लगभग 7–10 मिनट रह जाएगा।
अब तक यात्रियों को अधिकतर सरायघाट ब्रिज या फेरी सेवा पर निर्भर रहना पड़ता था। व्यस्त समय में सड़क मार्ग पर लंबा जाम लग जाता था, जबकि मानसून में जलस्तर बढ़ने या सर्दियों में कोहरे के कारण फेरी सेवाएं प्रभावित होती थीं। नया पुल हर मौसम में निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराएगा।
यह परियोजना गुवाहाटी शहर के दक्षिणी हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम करने की व्यापक योजना का भी हिस्सा है। नॉर्थ गुवाहाटी में प्रमुख सरकारी संस्थानों और न्यायिक ढांचे के विस्तार को देखते हुए यह पुल आवागमन को अधिक सुगम बनाएगा।
पुल का नाम 7वीं सदी के कामरूप साम्राज्य के प्रसिद्ध शासक कुमार भास्कर वर्मा के सम्मान में रखा गया है, जिन्हें प्राचीन असम के राजनीतिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए जाना जाता है।
Comments are closed.