दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट, UP-बिहार सहित कई राज्यों में मौसम करवट लेने को तैयार

0

दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। तेज होती गर्मी के बीच राहत की बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है, जबकि कुछ दिन पहले कई इलाकों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था।

इस हफ्ते दिल्ली में तीन दिन बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, यूपी, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों में भी मौसम ठंडा और आरामदायक बना हुआ है। मौसम विभाग ने वीकेंड तक कई इलाकों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। पहाड़ी राज्यों में भी ऐसा ही मौसम बना रहने का अनुमान है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में अगले तीन दिनों तक आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 19 और 20 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आज तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री रहने का अनुमान है।

19 और 20 मार्च को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रह सकता है।

21 से 23 मार्च के बीच मौसम साफ रहेगा, हालांकि गर्मी ज्यादा परेशान नहीं करेगी।

दिल्ली से सटे राज्यों का हाल

दिल्ली के बदले मौसम का असर पंजाब और हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। पंजाब में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 19 और 20 मार्च को फिर बदलाव होगा। इन दिनों गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा और चंडीगढ़ में भी लगभग ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 21 मार्च के बाद मौसम साफ हो जाएगा।

पहाड़ी राज्यों में मौसम

मार्च में घूमने का प्लान बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे मौसम बेहद खूबसूरत हो गया है।

उत्तराखंड में 18 से 21 मार्च तक गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी है। हिमाचल प्रदेश में भी 20 मार्च तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। कई जगहों पर बर्फबारी के कारण रास्ते प्रभावित हुए हैं और फिसलन बढ़ गई है।

राजस्थान और यूपी का मौसम

राजस्थान में मार्च की शुरुआत में तेज गर्मी देखने को मिली थी और कई जगह तापमान 40 डिग्री पार कर गया था। हालांकि अब मौसम बदलने से गर्मी में थोड़ी राहत मिली है।

राजस्थान में 18 से 20 मार्च के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर रहेगा, जिसके लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदल रहा है। 20 और 21 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश और बिहार का अपडेट

मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले तीन दिनों तक आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिलेगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत कई शहर प्रभावित होंगे।

बिहार में फिलहाल एक-दो दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 20 मार्च से मौसम फिर बदल सकता है। तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं।

Comments are closed.