भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद भोजपुर पुलिस पर दबाव, यूपी से आ रही धमकी भरी कॉल्स

0

भरत तिवारी प्रकरण के बाद भोजपुर पुलिस को मिल रहीं धमकियां, यूपी से आ रहे सैकड़ों कॉल-मैसेज

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुई भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों को बड़ी संख्या में धमकी भरे कॉल और आपत्तिजनक संदेश मिल रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन 400 से अधिक कॉल और मैसेज विभिन्न थानों, डीएसपी कार्यालयों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल फोन पर भेजे जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इन कॉल और संदेशों में कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है और उन्हें मानसिक दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है। अधिकांश कॉल उत्तर प्रदेश के विभिन्न नंबरों से आने की बात सामने आई है। कई पुलिसकर्मियों को देर रात तक फोन कर धमकाने के भी आरोप हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस और साइबर थाना की टीम जांच में जुट गई है। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पहचान कर उनकी तकनीकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन और नंबर धारकों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्व समाज की महापंचायत बुलाने की घोषणा की गई है। आयोजकों के अनुसार 24 जून को बिलौटी गांव स्थित प्राचीन कुंडवा शिव मंदिर परिसर में दोपहर 12 बजे से महापंचायत आयोजित होगी, जिसमें 36 बिरादरियों के प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

महापंचायत के माध्यम से मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर आगे की रणनीति तय किए जाने की बात कही गई है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की है।

गौरतलब है कि भरत तिवारी प्रकरण को लेकर क्षेत्र में लगातार राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हैं। विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा घटना की निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई जा रही है। ऐसे में प्रस्तावित महापंचायत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Comments are closed.