बिहार चुनाव 2025: पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान, दिग्गजों की साख दांव पर
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है।
सुबह से ही मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंच रहे हैं। यह चरण राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने वाला माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर लगी है। इस चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार के 14 मंत्रियों समेत कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं। लगभग 3.75 करोड़ मतदाता अपने वोट के जरिए इनका भविष्य तय करेंगे।
पहले चरण में मोकामा से अनंत सिंह, राघोपुर से तेजस्वी यादव, तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, महुआ से तेज प्रताप यादव, भोर से प्रीति किन्नर, अलीनगर से मैथिली ठाकुर, काराकाट से ज्योति सिंह और छपरा से खेसारी लाल यादव जैसे नामचीन उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर है। इस चरण में एनडीए के 121 और महागठबंधन के 126 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि जनसुराज पार्टी के लिए यह चरण उसके जनाधार और भविष्य की दिशा तय करेगा।
वोट डालने के बाद राजद नेता मीसा भारती ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा, “एक मंत्री कह रहे हैं कि गरीबों को बंद कर दो और वोट मत डालने दो — यह जंगलराज नहीं तो क्या है? मोकामा में जिस तरह से हत्याएं हो रही हैं, वो जंगलराज की निशानी है।” उन्होंने दावा किया कि “बिहार की जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है और तेजस्वी यादव ही अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।”
Comments are closed.