राबड़ी आवास विवाद पर गरमाई बिहार की राजनीति, राजद ने BJP और CM आवासों पर उठाए सवाल

1

राबड़ी आवास विवाद पर राजद का हमला, CM और BJP नेताओं के बंगलों को लेकर उठाए सवाल

बिहार में सरकारी आवास को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजद ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित 10, सर्कुलर रोड आवास खाली कराने के मुद्दे पर एनडीए सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं को आवंटित सरकारी बंगलों पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए मजबूर किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

सोमवार को प्रदेश राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि सरकार नियमों का चयनात्मक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का सरकारी आवास अत्यधिक विस्तारित है और उपमुख्यमंत्री के लिए निर्धारित आवास को भी उसमें शामिल कर लिया गया है।

सिद्दीकी ने कहा कि यदि सरकार आवास आवंटन के नियमों को लेकर गंभीर है, तो उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र यादव को निर्धारित सरकारी आवासों में स्थानांतरित क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई नेता और पूर्व जनप्रतिनिधि पुराने आवंटित आवासों में रह रहे हैं, तब पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के मामले में अलग रवैया क्यों अपनाया जा रहा है।

राजद नेता ने भाजपा के कई नेताओं और अन्य राजनीतिक हस्तियों को आवंटित सरकारी आवासों का भी उल्लेख करते हुए उनकी वैधता पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप था कि कई लोगों को बड़े सरकारी बंगले दिए गए हैं, जबकि सरकार राबड़ी देवी के आवास को मुद्दा बना रही है।

प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस देना राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है। वहीं, राजद अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवचंद्र राम ने आरोप लगाया कि भाजपा दलित राजनीति के नाम पर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

प्रेस वार्ता में यह भी दावा किया गया कि मंत्री नंदकिशोर राम के नाम पर पहले ही एक अन्य सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है। राजद नेताओं ने सरकार से आवास आवंटन नीति पर समान नियम लागू करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि राबड़ी देवी के आवास को लेकर किसी भी कार्रवाई का राजनीतिक विरोध किया जाएगा।

Comments are closed.