दिल्ली से गुजरात तक बारिश का कहर, यूपी में 19 मौतें; आज 17 राज्यों में IMD का अलर्ट

0

दिल्ली से गुजरात तक बारिश का कहर, यूपी में 19 मौतें; 17 राज्यों में आज भी IMD का अलर्ट

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश से जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आईं। उत्तर प्रदेश में बारिश और वज्रपात से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं, पेड़ गिरने और सड़क धंसने की घटनाओं से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। गाजियाबाद में जलभराव में डूबने से तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि इंदिरापुरम में ट्रांसफॉर्मर में करंट उतरने से एक चौकीदार की जान चली गई। दिल्ली के भोगल अंडरपास में एक लग्जरी कार पानी में फंस गई, वहीं वसुंधरा में सड़क धंसने से एक कार गड्ढे में समा गई।

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। बुलंदशहर में मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पूर्वांचल के चार जिलों में वज्रपात से सात लोगों ने जान गंवाई। गाजियाबाद में नाले और जलभराव से जुड़े हादसों में दो बच्चों की मौत हुई। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत 60 से अधिक जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुआ मौसम तंत्र उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ चुका है, जिसके प्रभाव से अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। बिजनौर में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 306 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है।

उत्तराखंड में लगातार बारिश से 84 से अधिक सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हैं। नैनीताल झील का जलस्तर बढ़ने पर नौकायन रोक दिया गया है, जबकि चारधाम यात्रा मार्ग भी कई स्थानों पर प्रभावित हुआ। एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बाढ़ के कारण करीब 100 फीट लंबा बेली ब्रिज पानी में डूब गया।

गुजरात के सूरत में बारिश से जुड़ी घटनाओं में नौ लोगों की मौत हुई है और बाढ़ जैसे हालात के बीच करीब 3,900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। महाराष्ट्र के रायगढ़ में बाढ़ के दौरान एचपीसीएल के बॉटलिंग प्लांट से लगभग 3,000 गैस सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए, जबकि पुणे में इमारत ढहने की घटना में राहत-बचाव अभियान जारी है।

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश, जलभराव और वज्रपात की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

Comments are closed.