रोहिणी आचार्य का आरोप: बदसलूकी के दौरान लालू-राबड़ी रो पड़े, तेजस्वी की भूमिका पर भी बोलीं

3

आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर भाई तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

बड़ी बहन मीसा भारती से मुलाकात के बाद बाहर निकलते हुए रोहिणी ने भावुक आवाज़ में कहा कि जब उनके साथ दुर्व्यवहार हो रहा था, उस समय उनके माता-पिता लालू और राबड़ी वहीं खड़े रो रहे थे।

तेजस्वी पर सीधा आरोप
चप्पल फेंके जाने की बात पर उन्होंने साफ जवाब नहीं दिया, लेकिन यह कहा कि “तेजस्वी ने मेरे साथ ऐसा बर्ताव किया है।” उन्होंने कहा कि किसके इशारे पर यह सब हुआ, इसका जवाब तेजस्वी ही दे सकते हैं।

रोहिणी ने कहा कि परिवार के लिए हमेशा बलिदान बेटी ने दिया, लेकिन उनसे कहा गया कि “ससुराल जाकर सवाल जवाब करो।”

“मेरा कोई परिवार नहीं है” — रोहिणी
शनिवार को रोहिणी ने राजनीति छोड़ने और परिवार से दूरी बनाने की घोषणा कर दी थी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मेरा कोई परिवार नहीं है। जो भी सवाल हैं, संजय, रमीज और तेजस्वी यादव से पूछिए। उन्होंने ही मुझे परिवार से बाहर निकाला है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार की स्थिति पर सवाल उठाने पर उन्हें गालियां दी गईं और घर से निकालने की धमकी तक दी गई। रोहिणी के अनुसार, संजय और रमीज का नाम लेने पर “अशब्द कहे जाते हैं और बदनाम किया जाता है,” और उनके ऊपर चप्पल उठाकर मारी भी गई।

बिहार चुनाव परिणाम के बीच बढ़ा पारिवारिक विवाद
बिहार चुनाव में महागठबंधन को बड़ी हार मिली है और आरजेडी महज 25 सीटों पर सिमट गई। पार्टी के खराब प्रदर्शन के बीच ही लालू परिवार के भीतर विवाद सार्वजनिक रूप से सामने आया है। रोहिणी के राजनीति छोड़ने और परिवार से दूरी बनाने की घोषणा ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

रोहिणी का सोशल मीडिया पोस्ट
एक्स (पूर्व ट्विटर) पर रोहिणी आचार्य ने लिखा, “मैं राजनीति छोड़ रही हूं और परिवार से नाता तोड़ रही हूं। संजय यादव और रमीज ने मुझसे यही कहा था। मैं सारी जिम्मेदारी अपने ऊपर ले रही हूं।”

Comments are closed.