4 दिन तक जमकर बरसेंगे बादल, दिल्ली-NCR में बारिश की वापसी, हिमालय में नया सिस्टम एक्टिव

1

दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में आज से अगले चार दिनों तक बारिश का दौर शुरू होने वाला है।

हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। बीते 10 दिनों में यह तीसरा मौका होगा, जब दिल्ली और आसपास के राज्यों में बारिश दस्तक देगी। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए दो दिन का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हिमालय क्षेत्र में बने पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिलेगा। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

यूपी, उत्तराखंड से हरियाणा तक अलर्ट

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और राजस्थान में भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में 31 जनवरी से आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच एक-दो बार बारिश हो सकती है। इस दौरान सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है। कुछ इलाकों में बिजली चमकने, बादल गरजने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली में तीन दिन बारिश के आसार

1 फरवरी को भी दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि दिन में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। शाम के वक्त भी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 31 जनवरी और 1 फरवरी के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट लागू रहेगा।
2 फरवरी को भी राजधानी में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। सुबह के समय कोहरा और घना हो सकता है।

घने कोहरे का रेड अलर्ट

उत्तर प्रदेश और पंजाब में आज घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में आगरा, बरेली, गाजियाबाद (हिंडन क्षेत्र) और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में घने कोहरे का रेड अलर्ट है। पंजाब के अंबाला में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि आदमपुर, बठिंडा, हलवारा और बिहार के गया में कम दृश्यता की चेतावनी दी गई है।

बारिश के बावजूद सर्दी होगी कम

हालांकि बारिश के चलते ठंड बढ़ने की आशंका रहती है, लेकिन इस बार तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं। दिल्ली में 1 से 4 फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो फिलहाल 6 से 8 डिग्री के आसपास है। वहीं अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच बना रह सकता है।

Comments are closed.