श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बड़े बेटे और सांसद नामल राजपक्षे को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है।
श्रीलंका की भ्रष्टाचार जांच एजेंसी CIABOC ने उन्हें श्रीलंकाई एयरलाइंस के लिए एयरबस विमान खरीद सौदे में 8 लाख डॉलर की कथित रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। 40 वर्षीय नामल राजपक्षे को शुक्रवार को CIABOC के सामने पूछताछ के लिए बुलाया गया था। करीब पांच घंटे तक चली पूछताछ के बाद अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें कोलंबो के मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसी का आरोप है कि यूरोपीय विमान निर्माता कंपनी से कथित तौर पर मिली रिश्वत की रकम सिंगापुर के बैंक खातों के जरिए नामल तक पहुंचाई गई थी।
एयरबस डील में 8 लाख डॉलर की कथित रिश्वत
CIABOC के मुताबिक, नामल पर 2013 में हुए एयरबस विमान सौदे को आगे बढ़ाने के बदले 8 लाख डॉलर की रिश्वत हासिल करने का आरोप है। जांच में कथित तौर पर सामने आया है कि एक श्रीलंकाई कारोबारी ने सिंगापुर के दो बैंक खातों के जरिए यह रकम नामल तक पहुंचाने की व्यवस्था की थी।
जांच एजेंसी अब इस लेनदेन और सौदे में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
जमानत याचिका हुई खारिज
पूछताछ पूरी होने के बाद CIABOC अधिकारियों ने नामल को अदालत में पेश किया। उनके वकील निशांत दयानंद ने जमानत की मांग की, लेकिन कोलंबो के मुख्य मजिस्ट्रेट असंगा बोदारगामा ने याचिका खारिज कर दी।
अदालत ने आगे की जांच पूरी होने तक नामल को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
महिंदा राजपक्षे से भी हो चुकी है पूछताछ
इस मामले की जांच के दौरान CIABOC ने मई में पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से भी पूछताछ की थी। एजेंसी एयरबस विमान खरीद से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और रिश्वत के आरोपों की जांच कर रही है। यह विमान खरीद सौदा बाद में 2016 में सत्ता में आई नई सरकार ने रद्द कर दिया था।
राजपक्षे परिवार ने आरोपों से किया इनकार
राजपक्षे परिवार ने भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज किया है। परिवार का कहना है कि ये आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं और उन्होंने किसी तरह की रिश्वत नहीं ली है।
नामल राजपक्षे ने भी कहा है कि यदि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कोई ठोस सबूत हैं, तो वह निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
Comments are closed.