दिल्ली पर मौसम की दोहरी मार, चांदनी चौक से वजीरपुर तक बिगड़ी हवा, 18 इलाकों में AQI 400 पार

0

दिल्ली में शनिवार सुबह धुंध और स्मॉग के साथ हुई, हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है।

राजधानी का औसत AQI शनिवार सुबह 387 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी के बेहद करीब है। कोहरे और प्रदूषण के इस डबल असर ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

इस सप्ताह की शुरुआत में हवा की गुणवत्ता में हल्का सुधार देखा गया था, लेकिन शनिवार तक हालात फिर पलट गए। लगातार नौ दिनों तक ‘बहुत खराब’ हवा झेलने के बाद मंगलवार को औसत AQI घटकर 282 पर आया था और स्थिति ‘खराब’ श्रेणी में पहुंची थी। बुधवार को AQI और सुधरकर 259 हो गया, लेकिन गुरुवार को फिर बढ़कर 307 दर्ज किया गया। शुक्रवार को प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ते हुए 349 तक पहुंच गया और शनिवार को यह 387 पर आ गया, जिससे राजधानी एक बार फिर ‘गंभीर’ श्रेणी के मुहाने पर खड़ी है।

हवा में फॉग या स्मॉग?
सुबह के समय हल्की धुंध के साथ कई इलाकों में घना स्मॉग छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों पर पड़ रहा है।

एयरपोर्ट पर अलर्ट
मौसम और प्रदूषण के असर से दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर लो विजिबिलिटी अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई।

पूरे NCR में बिगड़े हालात
प्रदूषण की गंभीर स्थिति केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। गाजियाबाद और नोएडा में AQI 422 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। वहीं गुरुग्राम का AQI 295 और फरीदाबाद का 208 रहा, दोनों शहर ‘खराब’ श्रेणी में हैं।

जहरीली हवा के स्वास्थ्य पर खतरे
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जहरीली हवा से श्वसन संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। अस्थमा के दौरे, दिल का दौरा और स्ट्रोक का खतरा बढ़ रहा है। इसके अलावा डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों में भी स्थिति बिगड़ सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक ऐसे प्रदूषण के संपर्क में रहने से बच्चों के फेफड़ों को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है।

सर्दी भी रही नदारद
इस दिसंबर में दिल्ली में ठंड भी अपेक्षाकृत कम महसूस की जा रही है। शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

18 इलाकों में 400 पार AQI

इलाका AQI
वजीरपुर 443
जहांगीरपुरी 439
विवेक विहार 437
रोहिणी और आनंद विहार 434
अशोक विहार 431
सोनिया विहार, DTU 427
नरेला 425
बवाना 424
नेहरू नगर 421
पटपड़गंज 419
ITO 417
पंजाबी बाग 416
मुंडका 415
बुराड़ी 413
चांदनी चौक 412
DU नॉर्थ कैंपस 401

Comments are closed.