सीईसी के इस्तीफे की मांग पर आज फिर प्रदर्शन करेगी सीजेपी, जंतर-मंतर कूच का ऐलान
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने रविवार को एक बार फिर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी के मुताबिक, कार्यकर्ता सुबह 10 बजे जंतर-मंतर की ओर कूच करेंगे। आंदोलन की अगुवाई की जिम्मेदारी सीजेपी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को सौंपी गई है। शिंदे ने समर्थकों से सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।
दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, प्रदर्शनकारियों की आवाजाही पर निगरानी
शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। नई दिल्ली जिले की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की गई और जगह-जगह सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, 35 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके।
पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। वहीं, सीजेपी के शीर्ष नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को मुंबई से दिल्ली पहुंचने पर विमान के भीतर ही हिरासत में ले लिया गया। पार्टी नेता रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई।
रिपोर्ट के अनुसार, दिनभर में करीब 4,000 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें विपक्षी दलों के नेता और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग शामिल बताए गए। हालांकि, शाम तक कई कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया गया, जबकि सीजेपी के शीर्ष नेताओं को हिरासत में रखे जाने की बात सामने आई।
प्रदर्शन को नहीं मिला छात्रों का व्यापक समर्थन
शनिवार की कार्रवाई से सीजेपी के प्रदर्शन की योजना प्रभावित हुई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ स्थानों पर झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के लिए राहत की बात यह रही कि इस बार सीजेपी के समर्थन में युवा और छात्र संगठनों की व्यापक भागीदारी देखने को नहीं मिली।
मुंबई में भी सीजेपी के समर्थन में प्रदर्शन
सीजेपी के प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई के कई स्थानों पर भी लोग सड़कों पर उतरे। इनमें महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, अभिनेता इमरान खान और माकपा कार्यकर्ताओं सहित करीब 400 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। ये प्रदर्शनकारी कथित तौर पर बिना अनुमति के प्रदर्शन कर रहे थे।
अगस्त क्रांति मैदान और हुतात्मा चौक सहित कई जगहों पर प्रदर्शन हुए। हुतात्मा चौक पर प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाले वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। वहीं, तुषार गांधी के संगठन ‘हम भारत के लोग’ और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से जुड़े लोग भी अगस्त क्रांति मैदान में एकत्र हुए।
रविवार को सीजेपी के दोबारा प्रदर्शन के ऐलान के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रहेगी।
Comments are closed.