पनामा में फिर आया तेज भूकंप, रिक्टर स्केल पर 6.0 रही तीव्रता

3

पनामा में फिर आया 6.0 तीव्रता का भूकंप, पहले के झटकों से सैकड़ों घर क्षतिग्रस्त

पनामा के दक्षिणी तट पर शुक्रवार को आए शक्तिशाली भूकंपों के बाद सोमवार को एक बार फिर धरती कांप उठी। इस बार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्के

\ल पर 6.0 मापी गई। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 35 किलोमीटर की गहराई पर था।

इससे पहले शुक्रवार को पनामा में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इसके झटकों से देश के मध्य प्रांतों में सैकड़ों मकानों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इसके बाद 300 से अधिक आफ्टरशॉक्स यानी भूकंप के बाद के झटके दर्ज किए गए। लगातार भूकंपीय गतिविधियों और नुकसान को देखते हुए सरकार ने सप्ताहांत में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया था।

कम से कम 27 लोग घायल, करीब 900 मकानों को नुकसान

आपातकालीन अधिकारियों के अनुसार, भूकंप के कारण अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, कम से कम 27 लोग घायल हुए हैं और लगभग 900 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन अभी जारी है। दूरदराज के इलाकों से जानकारी मिलने के बाद घायलों और क्षतिग्रस्त संपत्तियों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

इन प्रांतों में सबसे ज्यादा असर

भूकंप से पनामा के लॉस सैंटोस, कोक्ले, वेरागुआस और हेरेरा प्रांत सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। इन क्षेत्रों में मकानों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबर है।

शुक्रवार के शक्तिशाली भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक्स के बीच सोमवार को आए 6.0 तीव्रता के नए झटके ने स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन करने और हालात पर नजर रखने में जुटा है।

Comments are closed.