बैंकॉक पब अग्निकांड: धुएं ने ली 27 लोगों की जान, बाथरूम के पास फंसे मिले कई शव
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में 22 की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हाल के वर्षों में बैंकॉक की सबसे भयावह अग्निकांड घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
बाथरूम के पास फंसे मिले कई लोग
हादसा सोई लाट फ्राओ 1 रोड के पास स्थित ना लाडप्राओ भोजनालय और पब में हुआ। उस समय परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने के बाद कई लोग बचने के लिए बाथरूम की ओर भागे, लेकिन वहां से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला। घना धुआं फैलने से वे वहीं फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने अब तक 27 मौतों की पुष्टि की है। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं।
कुछ ही मिनटों में धुएं से भर गया पूरा पब
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरा पब धुएं से भर गया। लोग पिछले हिस्से की ओर भागे, लेकिन घने धुएं और अंधेरे के कारण निकास द्वार तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने बताया कि पब के पास सभी आवश्यक परमिट थे और आग से बचाव के लिए निकास द्वार भी मौजूद थे। हालांकि कई लोगों के शव इन्हीं निकास द्वारों के पास मिले, जिससे संकेत मिलता है कि वे बाहर निकलने की कोशिश करते हुए दम तोड़ बैठे।
राहत और बचाव अभियान में आई मुश्किलें
सूचना मिलने के करीब पांच मिनट के भीतर दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गया था, लेकिन तब तक आग और धुआं पूरे परिसर में फैल चुका था। दमकलकर्मियों को अंदर प्रवेश करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। धुएं और मलबे के बीच ऑक्सीजन मास्क पहनकर बचावकर्मियों ने जीवित लोगों की तलाश की। शौचालयों के पास कई पीड़ित बेहोश या मृत मिले।
आग से ज्यादा धुएं ने छीनी जान
अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश लोगों की मौत आग की लपटों से नहीं, बल्कि जहरीले धुएं के कारण दम घुटने से हुई।
दमकलकर्मी चकरित खोंगकोम ने बताया कि आग उतनी भीषण नहीं थी, लेकिन धुएं ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया था। उन्होंने कहा, “चारों तरफ धुआं ही धुआं था। बचाए गए ज्यादातर लोग भी सांस लेने में दिक्कत से जूझ रहे थे।”
चश्मदीदों ने सुनाई खौफनाक आपबीती
पब में मौजूद बैंड के एक सदस्य ने बताया कि पहले कुछ देर के लिए लाइट चली गई, फिर मंच के पास धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद तेज धमाके जैसी आवाज आई और अफरा-तफरी मच गई।
थाई प्रधानमंत्री अनुतिन ने भी बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलने के बाद बिजली गुल हुई और फिर विस्फोट हुआ।
मोटरसाइकिल टैक्सी चालक सुरिन जयहारन ने बताया कि उन्होंने प्रवेश द्वार से आग की लपटें निकलती देखीं और लोगों के जलते कपड़ों पर कपड़े डालकर आग बुझाने की कोशिश की। कई स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
वायरल वीडियो में दिखा भयावह मंजर
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई लोग जलते कपड़ों के साथ सड़क पर भागते दिखाई दिए। वहीं घटनास्थल के बाहर फोरेंसिक टीमें सबूत जुटाती नजर आईं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पब के बाहर शवों से भरे कई बैग भी देखे गए।
जांच जारी
अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आग कैसे लगी, क्या सभी निकास द्वार पूरी तरह सुलभ थे और कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई।
बता दें कि इससे पहले 2022 में थाईलैंड के माउंटेन बी नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2009 में बैंकॉक के संतिका क्लब अग्निकांड में 67 लोगों ने जान गंवाई थी।
Comments are closed.