शिक्षक की प्रताड़ना से तंग आकर आत्मदाह करने वाली छात्रा सौम्याश्री बीसी का निधन, अंतिम संस्कार आज
ओडिशा के फकीर मोहन स्वायत्तशासी महाविद्यालय की छात्रा सौम्याश्री बीसी, जिन्होंने शिक्षक की प्रताड़ना से तंग आकर आत्मदाह कर लिया था, ने सोमवार देर रात एम्स भुवनेश्वर में अंतिम सांस ली। गंभीर रूप से झुलसी सौम्याश्री का इलाज बीते शनिवार से चल रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। उन्होंने रात 11:46 बजे दम तोड़ दिया।
अंतिम संस्कार की तैयारी, पुरी में भारी जनाक्रोश
सौम्याश्री के निधन की खबर से एम्स परिसर में भारी आक्रोश फैल गया। बीजू जनता दल से जुड़ी कई महिलाएं अस्पताल के बाहर जुट गईं और एंबुलेंस को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। मृतका का पोस्टमार्टम रात में ही किए जाने की तैयारी है।
सूत्रों के अनुसार, सौम्याश्री का अंतिम संस्कार पुरी के स्वर्ग द्वार में किया जाना था, लेकिन बाद में यह निर्णय लिया गया कि उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बालेश्वर ज़िले के भोगराई ब्लॉक स्थित पाल्सी गांव ले जाया जाएगा, जहां मंगलवार सुबह 9 बजे अंतिम संस्कार होगा। रास्ते में बालेश्वर के फुलाड़ी क्षेत्र में कई राजनीतिक नेताओं ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री और नेताओं ने जताया दुख
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने छात्रा की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “सरकार द्वारा किए गए सभी प्रयासों के बावजूद सौम्याश्री को नहीं बचाया जा सका। मैं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि दोषियों को कानून के मुताबिक सख्त सजा दी जाएगी।”

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के राज्य अध्यक्ष मनमोहन सामल ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, जो सोमवार को एम्स भुवनेश्वर के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंची थीं, उन्होंने बर्न यूनिट जाकर डॉक्टरों से छात्रा की स्थिति की जानकारी ली थी।
गांव में मातम, भारी सुरक्षा
बालेश्वर के भोगराई ब्लॉक में मंगलवार सुबह से ही शोक का माहौल है। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग सौम्याश्री की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की सख्त निगरानी की जा रही है।
Comments are closed.