मॉनसून की विदाई से पहले फिर बदलेगा मौसम, अक्टूबर में बारिश का दौर; बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में अलर्ट

2

उत्तर भारत के दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कई हिस्सों से मॉनसून की विदाई हो चुकी है

लेकिन बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। महाराष्ट्र, ओडिशा, केरल और तमिलनाडु में भी अक्टूबर की शुरुआत में बारिश होने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सितंबर में हुई बारिश के बाद अगले 2-3 दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों से भी मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी मॉनसून की वापसी के हालात बन रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 5-6 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 30 सितंबर से 2 अक्टूबर और फिर 5-6 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। पौड़ी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। चारधाम यात्रा के केदारनाथ और बद्रीनाथ क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर लगभग समाप्त हो चुका है।

वहीं, छत्तीसगढ़ में 2 से 6 अक्टूबर और विदर्भ में 5-6 अक्टूबर को बारिश का अनुमान है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में 2 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है, जबकि बिहार में 3 से 6 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।

ओडिशा में 1 से 6 अक्टूबर के दौरान बारिश के साथ आंधी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। पंजाब के अमृतसर और गुरदासपुर में भी हल्की बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र, गोवा और पूर्वोत्तर में भी बारिश

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दौर अभी करीब एक सप्ताह तक जारी रहने का अनुमान है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र और गोवा के कोंकण क्षेत्र में 6 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं। गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों में भी बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र के पुणे, कोल्हापुर, सोलापुर और नागपुर समेत कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।

दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, रायलसीमा और केरल में अक्टूबर के पहले सप्ताह में बारिश हो सकती है।

2001 के बाद चौथा सबसे कम बारिश वाला मॉनसून

IMD के मुताबिक, जून से सितंबर के चार महीनों के दौरान देश में सामान्य की तुलना में 87.4 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई। इस सीजन में कुल 759.4 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 868.6 मिमी है। यानी मॉनसून सीजन में बारिश करीब 13 प्रतिशत कम रही।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रशांत महासागर क्षेत्र में बनी अल नीनो परिस्थितियों का भी मॉनसून पर असर पड़ा। IMD के आंकड़ों के अनुसार, 2001 के बाद यह चौथा सबसे कम बारिश वाला मॉनसून सीजन रहा।

Comments are closed.