दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम, दशहरे तक रहेगा यही मिजाज
दिल्ली-एनसीआर का मौसम मंगलवार को बेहद बदला-बदला नजर आया। कभी तेज धूप तो कभी काले बादल और फिर झमाझम बारिश। सुबह 10:30 बजे से शुरू हुई बारिश शाम 6 बजे तक जारी रही। इस दौरान सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह जाम लग गया। हालांकि, बारिश से गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली।
दशहरे तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 1 और 2 अक्टूबर यानी नवमी और दशहरे पर भी दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश की संभावना है। 3 से 5 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, जबकि 6 अक्टूबर को एक बार फिर भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में हादसा
महरौली इलाके में भारी बारिश के बीच एक 33 वर्षीय युवक देवेंद्र तेज बहाव में बहकर नाले में जा गिरा। पुलिस ने तलाश शुरू की है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।
बारिश की वजह क्या है?
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने दो कम दबाव क्षेत्रों की वजह से दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश हो रही है। मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया भी इस समय रुक गई है, जिससे मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
उत्तर प्रदेश का हाल
पिछले कई दिनों से तपिश और उमस झेल रहे यूपी में भी बारिश का दौर लौट रहा है। 1 से 4 अक्टूबर तक गोरखपुर, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़ और कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड में अलर्ट
उत्तराखंड में भी 1 और 2 अक्टूबर को बारिश होगी। वहीं 3 से 6 अक्टूबर तक कई जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।
Comments are closed.