13 लाख फॉलोअर्स वाली TikTok स्टार की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

0

पाकिस्तान में TikTok स्टार की गोली मारकर हत्या, 13 लाख फॉलोअर्स वाली शमसू बीबी को बाइक सवारों ने बनाया निशाना

पाकिस्तान की चर्चित TikTok स्टार शमसू बीबी, जिन्हें आयशा गिलामाना के नाम से भी जाना जाता था, की टैक्सिला में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 28 वर्षीय शमसू बीबी पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उस समय फायरिंग की, जब वह अपनी बहन और भाई के साथ कार से जा रही थीं। उनके पिता के मुताबिक, TikTok पर उनके 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वारदात 14 अगस्त 2026 को हुई। शमसू बीबी के पिता फजल साहिबजादा ने बताया कि कशिश उर्फ काशी नाम के एक व्यक्ति ने उनकी बेटी को फोन कर घर के बाहर बुलाया था। इसके बाद वह अपनी 15 वर्षीय बहन असीमा और भाई नैमतुल्लाह के साथ कार से निकलीं।

पेट्रोल पंप के पास हुई फायरिंग

नैमतुल्लाह के मुताबिक, पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनकी कार को रोककर गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई गई है। फायरिंग में कई गोलियां शमसू बीबी के गले में लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गोलीबारी के बाद कार अनियंत्रित होकर दूसरी गाड़ी से टकरा गई। हादसे में उनकी 15 वर्षीय बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

कई साल से बना रही थीं TikTok वीडियो

परिवार के मुताबिक, शमसू बीबी पिछले तीन-चार वर्षों से TikTok पर वीडियो बना रही थीं। हत्या के बाद परिवार ने उनका सोशल मीडिया अकाउंट निष्क्रिय कर दिया। उनके भाई रहमतुल्लाह ने बताया कि अकाउंट पर 30-35 मिलियन से अधिक लाइक्स और 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे।

पैसों के लेनदेन को लेकर धमकी का आरोप

परिवार ने हत्या के पीछे वित्तीय विवाद की आशंका जताई है। पिता फजल साहिबजादा का आरोप है कि शमसू बीबी का कौसर और जावेद उर्फ शाहीन के साथ पैसों का लेनदेन था। वह उनसे अपनी रकम वापस मांग रही थीं और इसी वजह से उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।

परिवार का दावा है कि इस मामले में इस्लामाबाद में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। पिता ने आरोप लगाया कि शमसू बीबी की हत्या इन्हीं लोगों ने या उनके इशारे पर कराई हो सकती है। उन्होंने काशी की भूमिका की भी आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments are closed.