हिमाचल से उत्तराखंड तक मूसलाधार बारिश का कहर, कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी

2

देशभर में भारी बारिश का कहर, कई राज्यों में अलर्ट जारी।

भारी बारिश ने देश के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक कम से कम 320 लोगों की मौत हो चुकी है और 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उत्तराखंड में भी कई लोगों की जान गई है।

मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गोवा, महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर, केरल, पूर्वोत्तर राज्यों और राजस्थान में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी है।

हिमाचल प्रदेश की स्थिति

  • शिमला के दो गांवों में भूस्खलन से 5 मकान ढह गए।
  • इस मानसून सीजन में राज्य में 91 अचानक बाढ़, 45 बादल फटने और 93 बड़े भूस्खलन की घटनाएं दर्ज हुईं।
  • 20 जून से 30 अगस्त तक 320 मौतें और 40 लोग लापता हुए।
  • हाल की बारिश से 842 सड़कें बंद हो गई हैं।
  • चंडीगढ़-मनाली पुराना मार्ग छह दिन बाद खोला गया।

उत्तराखंड में पुल बहा, कई गांव कटे
चमोली में लगातार बारिश से जोशीमठ-निति घाटी को जोड़ने वाला पुल तमक नाले में बह गया। इस मार्ग के टूटने से सीमा पार जाने वाले जवानों की आपूर्ति बाधित हो गई और आधा दर्जन गांवों का संपर्क टूट गया है।

गुजरात में ऑरेंज अलर्ट
राज्य में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिन तक बारिश का अनुमान जताया है। दक्षिण गुजरात के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की आशंका के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, शाह का दौरा
रामबन जिले में बादल फटने से तीन लोगों की मौत और कई घर तबाह हो गए। राहत और बचाव कार्य जारी हैं। बारिश से प्रदेश में अब तक 110 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। गृह मंत्री अमित शाह रविवार को हालात की समीक्षा के लिए जम्मू पहुंचेंगे।

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम
आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी। राजधानी और आसपास के इलाकों में पूरे हफ्ते बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Comments are closed.