अमेरिका में ‘बर्थ टूरिज्म’ पर ट्रंप का शिकंजा, 600 से ज्यादा वीजा रद्द

1

अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को बताया कि ‘बर्थ टूरिज्म’ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 600 से अधिक विदेशी नागरिकों के वीजा रद्द किए गए हैं।

विभाग के मुताबिक, यह कदम उन लोगों की पहचान करने के लिए उठाया गया है जो अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के उद्देश्य से अमेरिका में बच्चे को जन्म देने की योजना बनाकर यात्रा करते हैं।

विदेश विभाग ने ‘बर्थ टूरिज्म प्रिवेंशन टास्क फोर्स’ का गठन भी किया है। यह टीम ऐसे वीजा धारकों की पहचान करेगी, जिनके अमेरिका आने का उद्देश्य बच्चे को जन्म देना था। साथ ही, उन लोगों का भी पता लगाया जाएगा जो ऐसी यात्राओं को आयोजित करने या सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करते हैं।

विभाग ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो को वीजा रद्द करने का व्यापक अधिकार प्राप्त है। यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 6 अगस्त के कार्यकारी आदेश के बाद शुरू की गई है। आदेश में ‘बर्थ टूरिज्म’ को गैर-आप्रवासी वीजा पर अमेरिका आने और वहां बच्चे को जन्म देने के उद्देश्य से यात्रा करने की स्थिति के रूप में परिभाषित किया गया है।

अमेरिकी अधिकारियों ने वीजा रद्द किए जाने के कुछ मामलों का भी हवाला दिया। एक दंपती ने अमेरिका में दो बच्चों को जन्म देने के लिए अपनी यात्रा का उद्देश्य कॉन्फ्रेंस में शामिल होना और शॉपिंग करना बताया था। दोनों ने अलग-अलग वीजा आवेदनों में अपने वास्तविक मकसद की जानकारी नहीं दी और दूसरे आवेदन में अपने एक बच्चे के होने की बात भी छिपाई।

जांच के बाद दंपती के वीजा रद्द कर दिए गए। एक अन्य मामले में एक विदेशी सरकारी अधिकारी ने अमेरिका में एक सप्ताह की आधिकारिक यात्रा के लिए वीजा लिया था, लेकिन वह करीब तीन महीने तक वहां रहीं और देश छोड़ने से पहले बच्चे को जन्म दिया। उनका वीजा भी रद्द कर दिया गया।

Comments are closed.