दुनियाभर में घटी ट्रंप की लोकप्रियता, 76% लोगों को उनके नेतृत्व पर भरोसा नहीं

1

वैश्विक सर्वे में ट्रंप को झटका, 76% लोगों ने नेतृत्व पर नहीं जताया भरोसा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वैश्विक लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई है। प्यू रिसर्च सेंटर के ताजा सर्वे के मुताबिक, दुनिया भर में अधिकांश लोगों का मानना है कि ट्रंप वैश्विक मामलों को प्रभावी ढंग से संभालने में सक्षम नहीं हैं। सर्वे में शामिल 76 प्रतिशत प्रतिभागियों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा नहीं जताया, जबकि केवल 23 प्रतिशत लोगों ने उन पर विश्वास व्यक्त किया।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप की टैरिफ नीति, विदेश नीति और ईरान से जुड़े घटनाक्रमों का उनकी वैश्विक छवि पर असर पड़ा है। सर्वे में शामिल 24 देशों में से 16 देशों में ट्रंप के प्रति भरोसा पिछले वर्ष की तुलना में कम हुआ, जबकि किसी भी देश में इसमें बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई।

भारत में भी घटी ट्रंप पर भरोसे की दर

8 फरवरी से 13 मई के बीच किए गए इस सर्वे में 36 देशों के 42,151 लोगों की राय ली गई। भारत में 39 प्रतिशत प्रतिभागियों ने ट्रंप के नेतृत्व पर भरोसा जताया, जबकि 36 प्रतिशत ने उन पर विश्वास नहीं होने की बात कही। पिछले वर्ष भारत में 51 प्रतिशत लोगों ने ट्रंप के नेतृत्व पर भरोसा व्यक्त किया था।

सर्वे के मुताबिक, भारत में 51 प्रतिशत प्रतिभागियों ने वैश्विक मामलों को संभालने के मामले में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भरोसा जताया।

इजरायल में सबसे अधिक समर्थन

सर्वे में इजरायल ट्रंप के लिए सबसे सकारात्मक देशों में शामिल रहा। वहां 81 प्रतिशत प्रतिभागियों ने अमेरिका के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया, जबकि 66 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि ट्रंप वैश्विक मामलों में सही फैसले लेंगे।

वहीं, फ्रांस, जर्मनी और ग्रीस जैसे यूरोपीय देशों में ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई। मुस्लिम बहुल देशों में भी उनके प्रति भरोसा अपेक्षाकृत कम पाया गया।

टैरिफ नीति को नहीं मिला समर्थन

प्यू रिसर्च सेंटर के अनुसार, ट्रंप प्रशासन की टैरिफ नीति सबसे कम पसंद की जाने वाली नीतियों में शामिल रही। सिर्फ 18 प्रतिशत प्रतिभागियों ने इस नीति का समर्थन किया, जबकि 32 प्रतिशत लोगों ने अमेरिका की आव्रजन नीति को सकारात्मक बताया।

देशवार आंकड़ों पर नजर डालें तो ब्रिटेन में 27 प्रतिशत, कनाडा में 17 प्रतिशत, जापान में 15 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया में 14 प्रतिशत, मेक्सिको में 11 प्रतिशत और जर्मनी में सिर्फ 8 प्रतिशत लोगों ने ट्रंप की टैरिफ नीति का समर्थन किया। इस मामले में केन्या अपवाद रहा, जहां 55 प्रतिशत प्रतिभागियों ने इस नीति के पक्ष में राय दी।

Comments are closed.