ईरान, अमेरिका और इज़रायल के बीच जारी संघर्ष का असर अब ओमान तक पहुंच गया है।
इस बीच ओमान के सोहार शहर में हुए ड्रोन हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस घटना की जानकारी भारत के विदेश मंत्रालय ने दी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान ओमान के सोहार में हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में कई अन्य भारतीय भी घायल हुए हैं। मंत्रालय ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि ओमान में स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और संबंधित कंपनी के संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
दो भारतीयों की मौत, कई घायल
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, शुक्रवार को सोहार शहर में हुए ड्रोन हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई और 10 अन्य भारतीय घायल हो गए। 28 फरवरी को शुरू हुए ईरान-अमेरिका संघर्ष के बाद ओमान में भारतीय नागरिकों की मौत की यह पहली घटना बताई जा रही है।
विदेश मंत्रालय में खाड़ी क्षेत्र के संयुक्त सचिव असीम महाजन ने पश्चिम एशिया के हालात पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी मीडिया ब्रीफिंग के दौरान इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सोहार शहर में हुए हमले में दो भारतीयों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं।
महाजन ने बताया कि घायल 11 लोगों में से 10 भारतीय नागरिक हैं। इनमें से पांच को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि पांच अन्य का स्थानीय अस्पतालों में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों में किसी की हालत गंभीर नहीं है और भारतीय मिशन लगातार स्थानीय अधिकारियों और संबंधित कंपनी के संपर्क में है।
अब तक 1.5 लाख भारतीय लौटे
महाजन ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक करीब 1.5 लाख भारतीय नागरिक भारत लौट चुके हैं। सरकार लगातार क्षेत्र में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित निकालने की व्यवस्था कर रही है।
ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ओएनए के अनुसार, सोहार में दो ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हुए थे। इनमें से एक ड्रोन अल-अव्ही औद्योगिक क्षेत्र में गिरा, जिससे वहां काम कर रहे दो प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई।
Comments are closed.