हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर एनकाउंटर में मारे गए

1

हरियाणा के बहादुरगढ़-बालौर बाईपास पर मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कथित शूटर मारे गए।

संयुक्त अभियान हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और स्थानीय पुलिस ने मिलकर चलाया। पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाशों की पहचान हिसार के टिब्बा दानाशेर निवासी प्रवेश और जाखोड़ खेड़ा निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे पिछले महीने हांसी में जिम संचालक की हत्या के मामले में वांछित थे।

एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि खुफिया सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बहादुरगढ़ इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया और संदिग्धों को घेरने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा है कि घिरने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब 12 से 13 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में दोनों आरोपी मारे गए।

इस दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने चार अन्य पुलिसकर्मियों पर भी गोलियां चलाईं, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने की वजह से उनकी जान बच गई।

घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Comments are closed.