श्रीलंका में तीन भारतीय नागरिकों को कथित तौर पर 50 किलो गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह अब तक कोलंबो के बंदरनायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पकड़ी गई सबसे बड़ी ड्रग्स खेप है।
श्रीलंकाई अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि तीनों संदिग्ध बैंकॉक से श्रीलंकन एयरलाइंस की फ्लाइट से कोलंबो पहुंचे थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 25 से 27 साल के बीच बताई जा रही है। दोनों महिलाएं मुंबई की रहने वाली हैं और पेशे से टीचर हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी एयरपोर्ट पर ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्हें रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके सामान से 50 किलो ‘कुश’ किस्म का गांजा बरामद हुआ।
मामले की जांच पुलिस नारकोटिक्स ब्यूरो कर रहा है और अधिकारियों का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Comments are closed.