अमेरिका ने शरणार्थियों के लिए दरवाजे बंद किए, अवैध प्रवासियों की वापसी अभियान तेज

0

अमेरिका ने शरण नीति पर सख्ती बढ़ाई, अवैध प्रवासियों की वापसी अभियान होगा तेज

अमेरिका में अवैध प्रवासियों को उनके मूल देशों में वापस भेजने के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन नीति को और सख्त करने के संकेत दिए हैं। व्हाइट हाउस के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर ने कहा कि अमेरिका का मौजूदा शरण कार्यक्रम प्रभावी रूप से समाप्त हो चुका है और सरकार अब अवैध रूप से देश में रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज करेगी।

मिलर के अनुसार, प्रशासन की प्राथमिकता अवैध प्रवासियों और शरण मांगने वाले उन लोगों की पहचान करना है जो अमेरिकी आव्रजन कानूनों के तहत रहने के पात्र नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े पैमाने पर निर्वासन (डिपोर्टेशन) अभियान चलाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

कई देशों के साथ वापसी समझौतों पर काम

ट्रंप प्रशासन का कहना है कि अमेरिका कई देशों के साथ ऐसे समझौतों पर काम कर रहा है, जिनके तहत वे अपने नागरिकों को वापस लेने के लिए बाध्य होंगे। प्रशासन का लक्ष्य दुनिया के अधिक से अधिक देशों के साथ इस तरह के समझौते करना है ताकि निर्वासन प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जा सके।

मिलर ने कहा कि अमेरिका अब अवैध प्रवास को बर्दाश्त नहीं करेगा और जो लोग शरण की तलाश में हैं, उन्हें अन्य देशों का विकल्प तलाशना होगा।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से मिली मजबूती

ट्रंप प्रशासन का यह रुख ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने मेक्सिको सीमा से आए अवैध प्रवासियों को वापस भेजने के प्रशासन के फैसले को बरकरार रखा है। अदालत ने निचली अदालत के उस आदेश को पलट दिया, जिसने निर्वासन प्रक्रिया पर रोक लगाई थी।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम देश के संसाधनों की सुरक्षा, सीमा नियंत्रण को मजबूत करने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

2028 तक पूरी होगी सीमा दीवार

अमेरिका के आंतरिक सुरक्षा मंत्री मार्कवायने मुलिन ने कहा कि मेक्सिको सीमा पर बनाई जा रही दीवार और अन्य सीमा सुरक्षा परियोजनाएं 2028 तक पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन सीमा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

मेक्सिको सीमा पर दीवार निर्माण की योजना ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में 2017 में शुरू की थी, लेकिन बाद में यह परियोजना धीमी पड़ गई। 2025 में ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद इस पर फिर से तेजी से काम शुरू हुआ।

सरकार के मुताबिक, सीमा सुरक्षा के तहत दोहरी दीवार, कंटीले तार, ड्रोन निगरानी, अत्याधुनिक सर्विलांस सिस्टम और गश्त बढ़ाने जैसे उपाय किए जा रहे हैं। अमेरिका का कहना है कि मेक्सिको सीमा अवैध घुसपैठ और नशीले पदार्थों की तस्करी का सबसे बड़ा मार्ग बनी हुई है।

Comments are closed.