दिल्ली में पिछले दो दिनों से बारिश नहीं हुई है, हालांकि आसमान में बादल छाए हुए हैं।
इसी बीच एक बार फिर बारिश के संकेत मिल रहे हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में जल्द ही तीसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके असर से दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में बेमौसम बारिश देखने को मिलेगी। इस साल यह तीसरा मौका होगा जब राजधानी क्षेत्र में बारिश दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, नया पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके चलते 1 फरवरी को पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश के आसार
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ से लेकर बिहार तक बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और सटे मध्य भारत में 31 जनवरी से अगले तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 2 फरवरी को उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा भी छा सकता है।
गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि 31 जनवरी को दिल्ली-NCR और आसपास के मैदानी इलाकों में बादल गरजने, बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में 31 जनवरी और 1 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
वहीं जम्मू-कश्मीर, गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में 1 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है।
- घने कोहरे का अलर्ट जारी
- मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है।
- जम्मू-कश्मीर और ओडिशा में 30 जनवरी तक
उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में 31 जनवरी तक रात के समय घना कोहरा पड़ सकता है।
इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में 28 से 31 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में शीतलहर का अलर्ट है।
हिमाचल और मध्य प्रदेश में बारिश
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पिछले 24 घंटों में कई बार बारिश दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर और रायसेन जिलों में भी लगातार बारिश हो रही है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में आज भी बारिश हो सकती है।
जनवरी के आखिर तक बनी रहेगी ठंड
दिल्ली में 29 जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा। हालांकि 1 फरवरी के बाद तापमान बढ़ने लगेगा और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हालांकि जनवरी की शुरुआत जैसी कड़ाके की ठंड और गलन अब महसूस नहीं होगी।
Comments are closed.