दिल्ली-एनसीआर में दो दौर की बारिश के बाद ठंड का असर और तेज हो गया है।
बादलों से ढके आसमान के बीच सुबह और शाम के समय गलन बढ़ गई है, जबकि शीत लहर के चलते कंपकंपाहट महसूस की जा रही है। 30 जनवरी को भी आसमान में बादल छाए रहने और धुंध बने रहने के आसार हैं। हालांकि 31 जनवरी से मौसम एक बार फिर करवट लेगा और लगातार तीन दिन बारिश की संभावना जताई गई है।
ऐसे में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत में फिलहाल मौसम साफ होने के संकेत नहीं हैं। यह 23 और 27 जनवरी के बाद तीसरा मौका होगा, जब दिल्ली-एनसीआर में बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने इस दौरान दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि 1 फरवरी से ठंड में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
31 जनवरी से तीन दिन बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी की दोपहर से घने बादल छा जाएंगे। कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इस दौरान बिजली कड़कने और बादल गरजने के साथ दिन में दो से तीन बार बारिश होने की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
1 फरवरी को बजट के दिन भी मौसम ऐसा ही बने रहने का अनुमान है और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत में मौसम का हाल
- 1–2 फरवरी: दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश की प्रबल संभावना
- 1–2 फरवरी: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार
- 31 जनवरी: कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश
- 1–2 फरवरी: उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
- 31 जनवरी से 3 फरवरी: राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
हिमालय में सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेंगे। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 31 जनवरी को उत्तर भारत में घना कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 1–2 फरवरी तक ठंड में ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है। बारिश और तेज हवाओं के कारण शीत लहर का असर बना रहेगा और सुबह के समय गलन महसूस होती रहेगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में 31 जनवरी से 2 फरवरी तक कोहरा छाने और शीत लहर चलने की आशंका है।
इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में 29 जनवरी से 3 फरवरी तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.