आज आंधी-बारिश से बदलेगा मौसम, दिल्ली-NCR में अलर्ट, उत्तर भारत में ओले गिरने की चेतावनी

4

दिल्ली-NCR में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है।

आसमान में बादलों की मौजूदगी के बीच आज सुबह से दोपहर के दौरान एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। इसके असर से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों—पंजाब, हरियाणा और राजस्थान—में भी तेज हवाओं, बिजली गिरने और बारिश का अनुमान जताया गया है।

23 जनवरी को भी बदला था मौसम

इससे पहले 23 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और दिल्ली में बारिश हुई थी, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई थी।

22 जनवरी को न्यूनतम तापमान 13–14 डिग्री और अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन बारिश के बाद 23 जनवरी को न्यूनतम तापमान गिरकर 5–6 डिग्री और अधिकतम तापमान 18–19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

पारा गिरने से बढ़ी शीत लहर

तापमान में गिरावट के कारण दिल्ली में शीत लहर का असर बढ़ गया है। 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के दिन न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जनवरी से 1 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि 27 जनवरी के बाद मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना कम बताई गई है।

पहाड़ों पर बर्फबारी, ओलावृष्टि का अलर्ट

IMD ने चेतावनी दी है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते 26 से 28 जनवरी के बीच हिमालयी क्षेत्र में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 27 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का अनुमान है।

27 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और ओले पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो आंधी के रूप में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 30 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।

उत्तराखंड-हिमाचल में बर्फबारी जारी

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। उत्तराखंड के चकराता, औली, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जम चुकी है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में बर्फबारी के कारण वाहनों की लंबी कतारें और जाम की स्थिति देखने को मिल रही है।

Comments are closed.