ट्रंप के सीजफायर दावे पर जेलेंस्की का हैरान करने वाला बयान, बोले- मुझे इसकी जानकारी नहीं; रूस ने फिर किए ड्रोन हमले
ट्रंप के एनर्जी सीजफायर के दावे पर जेलेंस्की हैरान, बोले- मुझे इसकी जानकारी नहीं; रूस ने फिर किए ड्रोन हमले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि रूस और यूक्रेन के बीच ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने को लेकर युद्धविराम पर सहमति बन गई है और यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस घोषणा पर हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें इस तरह के किसी समझौते की जानकारी नहीं है।
जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि यदि रूस वास्तव में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए तैयार है, तो यूक्रेन इस पहल का स्वागत करेगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस संबंध में अमेरिका को समझौते की शर्तों और इसे लागू करने की समयसीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी देनी होगी।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि यदि ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ इस मुद्दे पर बातचीत की है, तो अमेरिका को यूक्रेन को भी इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन युद्धविराम के लिए तैयार है और ऐसी किसी पहल को स्वीकार करेगा।
जेलेंस्की ने सहयोगी देशों के नेताओं से की बात
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने ट्रंप के घोषित एनर्जी सीजफायर को लेकर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, नाटो महासचिव मार्क रुट्टे और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब से बातचीत की है।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन इस युद्धविराम का समर्थन करता है, लेकिन इसके प्रभावी होने के लिए रूस का भी इसका पालन करना जरूरी है। जेलेंस्की ने बताया कि कीव इस मामले में अमेरिकी पक्ष से विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार कर रहा है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यूक्रेन तनाव कम करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और युद्ध समाप्त कर स्थायी शांति स्थापित करने के लिए उठाए जाने वाले सभी जरूरी कदमों का समर्थन करता है।
ट्रंप के दावे के कुछ घंटे बाद रूस के ड्रोन हमले
ट्रंप के युद्धविराम संबंधी दावे के कुछ ही घंटों बाद जेलेंस्की ने रूस पर फिर से हमले करने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, रूसी सेना ने कीव और खार्किव क्षेत्र में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए शाहिद ड्रोन से हमले किए।
जेलेंस्की ने इन हमलों को लेकर सवाल उठाए और कहा कि ये हमले उस समय हुए, जब ट्रंप सार्वजनिक रूप से एनर्जी सीजफायर लागू होने की बात कह रहे थे। इससे ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने को लेकर घोषित सहमति की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं।
60 दिनों के युद्धविराम की भी उठाई थी मांग
ट्रंप का यह बयान जेलेंस्की के उस इंटरव्यू के बाद आया था, जो उन्होंने एबीसी न्यूज को दिया था। इस दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अमेरिकी राष्ट्रपति से पुतिन के साथ बातचीत कर युद्धविराम की दिशा में कदम उठाने की अपील की थी।
जेलेंस्की ने कहा था कि रूस को कम से कम 60 दिनों के लिए पूर्ण युद्धविराम पर सहमत होना चाहिए, ताकि यूक्रेन में चुनाव कराने की परिस्थितियां तैयार की जा सकें।
हालांकि, एनर्जी सीजफायर को लेकर ट्रंप के दावे और उसके बाद रूस के कथित ड्रोन हमलों के बीच विरोधाभास सामने आया है। जेलेंस्की के बयान से स्पष्ट है कि यूक्रेन इस प्रस्ताव का समर्थन तो करता है, लेकिन समझौते की शर्तों और उसके वास्तविक क्रियान्वयन को लेकर उसे अभी अमेरिकी पक्ष से स्पष्टीकरण की प्रतीक्षा है।
Comments are closed.