नंदलालपुरा में किन्नरों के विवाद के बाद 24 ने पिया जहर, कई की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी.
इंदौर के नंदलालपुरा क्षेत्र में किन्नरों के आपसी विवाद के चलते एक गुट के करीब 24 किन्नरों ने सामूहिक रूप से जहर पी लिया। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। जैसे ही पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस के माध्यम से सभी को अस्पताल भेजा।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किन्नरों ने फिनायल पीने का प्रयास किया था। हालांकि, इस बात की पुष्टि जांच के बाद की जाएगी कि वे किस प्रकार के जहरीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे।
सभी 24 किन्नरों का इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है, और सीएमएचओ को यह निर्देश दिया गया है कि प्रभावितों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी किन्नरों की तबियत में सुधार हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही उनकी हालत स्थिर होगी, उनका बयान लिया जाएगा और यह पता लगाया जाएगा कि उन्होंने किस कारण से यह कदम उठाया।
यह विवाद हाल ही में एक किन्नर से जुड़े कुकर्म के मामले के कारण और भी बढ़ा था, जिसमें दो मीडियाकर्मियों का नाम सामने आया था। इस मामले में एसआईटी की भी जांच चल रही थी, लेकिन प्रशासनिक बदलाव के बाद एसआईटी का काम धीमा पड़ गया था।
पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में घटी इस घटना के बाद से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौके पर एसडीएम प्रदीप सोनी और तहसीलदार भी मौजूद हैं, जबकि अस्पताल में डॉक्टर्स और सीएमएचओ डॉ. हासानी की टीम उपचार में जुटी हुई है।
डीसीपी आनंद कलादगि ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभावित किन्नरों को अस्पताल भेजा और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच जारी है।
Comments are closed.