पहलगाम आतंकी हमले पर QUAD देशों की एकजुट निंदा, भारत को मिला समर्थन – हमलावरों को सजा की मांग

1

क्वाड देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की, दोषियों को सजा दिलाने पर दिया जोर; हिंद-प्रशांत में सहयोग मजबूत करने पर सहमति

क्वाड देशों — भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया — ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। मंगलवार को विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में चारों देशों ने इस हमले को नृशंस करार देते हुए कहा कि इसके दोषियों, साजिशकर्ताओं और फंडिंग करने वालों को हर हाल में न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।

विदेश मंत्रियों की इस अहम बैठक में भारत के एस. जयशंकर, अमेरिका के मार्को रुबियो, ऑस्ट्रेलिया की पेनी वॉन्ग और जापान के ताकेशी इवाया शामिल हुए। सभी नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रुख अपनाते हुए इसे वैश्विक शांति के लिए गंभीर खतरा बताया।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता पर ज़ोर

संयुक्त बयान में क्वाड देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मुक्त, समावेशी और स्थिर बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। पूर्वी चीन सागर और दक्षिण चीन सागर में बढ़ते तनाव को लेकर भी चिंता जताई गई और कहा गया कि क्षेत्रीय अशांति को रोकने के लिए मिलकर काम करना जरूरी है।

भारत को आतंकवाद से निपटने का पूरा अधिकार: जयशंकर

बैठक के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बैठक बेहद उपयोगी रही और क्वाड अब और अधिक फोकस के साथ समकालीन वैश्विक चुनौतियों पर काम करेगा। उन्होंने दो टूक कहा, “भारत को अपने नागरिकों को आतंकवाद से सुरक्षित रखने का पूरा अधिकार है।”

आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति की तैयारी

जयशंकर ने बैठक में प्रस्ताव रखा कि आतंकवाद के खिलाफ क्वाड को एक ठोस और समन्वित रणनीति अपनानी चाहिए। क्वाड देशों ने इस दिशा में मिलकर काम करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सहयोग जारी रखने की बात भी कही।

Comments are closed.