57 साल में पहली बार भारत-अर्जेंटीना शिखर वार्ता: राष्ट्रपति मिलेई से मिलेंगे पीएम मोदी, बोका स्टेडियम भी जाएंगे
पीएम मोदी अर्जेंटीना पहुंचे, राष्ट्रपति मिलेई से होगी 57 साल में पहली द्विपक्षीय वार्ता; ब्रिक्स समिट में भी लेंगे हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर अर्जेंटीना पहुंच गए हैं। स्थानीय समयानुसार शुक्रवार शाम ब्यूनस आयर्स स्थित एज़ेइज़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्हें रेड कार्पेट सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
यह भारत और अर्जेंटीना के बीच 57 वर्षों में पहली द्विपक्षीय शिखर वार्ता होगी। इससे पहले 1968 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अर्जेंटीना का दौरा किया था, लेकिन इसके बाद अब तक द्विपक्षीय वार्ता का कोई उच्चस्तरीय आयोजन नहीं हुआ। पीएम मोदी इससे पहले 2018 में अर्जेंटीना गए थे, लेकिन वह दौरा जी-20 सम्मेलन के लिए था।
राष्ट्रपति मिलेई से अहम बातचीत होगी
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के बीच ऊर्जा, व्यापार, रक्षा, फार्मा, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों पर बातचीत होगी। यह बातचीत दोनों देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देने की उम्मीद के साथ देखी जा रही है।
खनिज संसाधनों पर भी रहेगा जोर
भारत और अर्जेंटीना के बीच 2022 में खनिज संसाधनों को लेकर समझौता (MoU) हुआ था। अर्जेंटीना लिथियम जैसे दुर्लभ खनिजों का बड़ा स्रोत है, जो भारत की ऊर्जा जरूरतों और इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण क्षेत्र के लिए अहम है।
व्यापार बढ़ाने की दिशा में कदम
वर्तमान में दोनों देशों के बीच सालाना व्यापार लगभग 5 अरब डॉलर का है। भारत इसे अगले 3 से 4 वर्षों में बढ़ाकर 8 अरब डॉलर तक पहुंचाना चाहता है। पीएम मोदी का यह दौरा व्यापारिक संबंधों को गति देने में मददगार हो सकता है।
ब्रिक्स सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा
अर्जेंटीना के बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील जाएंगे, जहां वह ब्रिक्स देशों के 17वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इससे पहले वह घाना और त्रिनिदाद एवं टोबैगो का दौरा कर चुके हैं। ब्रिक्स सम्मेलन के बाद उनका अगला पड़ाव नामीबिया होगा।
Comments are closed.