ब्राजील पर बरसे ट्रंप: तख्तापलट आरोपी पूर्व राष्ट्रपति के बचाव पर 50% टैरिफ ठोका

4

ट्रंप ने ब्राजील पर लगाया 50% टैरिफ, बोल्सोनारो के खिलाफ मुकदमे को बताया ‘अंतरराष्ट्रीय अपमान’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ब्राजील से आने वाले तांबे पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की। उन्होंने यह कदम ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो के खिलाफ चल रहे तख्तापलट के मुकदमे पर नाराजगी जताते हुए उठाया, जिसे उन्होंने “अंतरराष्ट्रीय अपमान” करार दिया।

ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को भेजे एक पत्र में बोल्सोनारो के साथ किए जा रहे व्यवहार की आलोचना की और कहा कि ऐसे राजनीतिक मामलों में मुकदमा नहीं चलना चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि ब्राजील ने जवाबी कार्रवाई की, तो अमेरिका और अधिक शुल्क लगा सकता है।

बोल्सोनारो पर 2022 में चुनाव हारने के बाद सत्ता पलटने की साजिश रचने का आरोप है। अभियोजकों के अनुसार, यह प्रयास सैन्य समर्थन न मिलने के कारण विफल हो गया। हालांकि बोल्सोनारो ने इस साजिश में शामिल होने से इनकार किया है।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ब्राजील की व्यापार नीतियों की समीक्षा शुरू करेगा। इसी के साथ, उन्होंने ग्रीन एनर्जी और तकनीकी उद्योग में इस्तेमाल होने वाले तांबे के आयात पर भी 1 अगस्त से 50% शुल्क लगाने का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “राष्ट्रीय सुरक्षा मूल्यांकन के आधार पर यह फैसला लिया गया है।”

ब्राजील ने ट्रंप की घोषणा पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपति लूला ने एक्स पर लिखा, “किसी भी एकतरफा टैरिफ वृद्धि का जवाब हमारे आर्थिक पारस्परिकता कानून के अनुसार दिया जाएगा।” साथ ही ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के शीर्ष राजनयिक को तलब कर स्पष्टीकरण भी मांगा।

गौरतलब है कि ब्राजील, कनाडा के बाद अमेरिका को स्टील निर्यात करने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश है, जिसने 2024 में लगभग चार मिलियन टन धातु की आपूर्ति की थी।

Comments are closed.