अमेरिकी पनडुब्बियों की तैनाती पर रूस की प्रतिक्रिया: “हमारे पास जवाब देने को पर्याप्त परमाणु ताकत”
अमेरिका द्वारा परमाणु पनडुब्बियों की कथित तैनाती को लेकर रूस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई है। रूसी संसद (ड्यूमा) के सदस्य विक्टर वोडोलात्स्की ने कहा है कि अमेरिका की इस सैन्य गतिविधि से निपटने के लिए रूस के पास पर्याप्त परमाणु पनडुब्बियां मौजूद हैं।
वोडोलात्स्की ने कहा, “दुनिया के महासागरों में रूसी पनडुब्बियों की संख्या अमेरिका से कहीं अधिक है। जिन दो पनडुब्बियों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भेजने का आदेश दिया है, वे पहले से ही लंबे समय से हमारे रडार पर हैं। उनके बयान पर विशेष प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है।”
ट्रंप का बयान
इससे पहले, 1 अगस्त को डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर बताया था कि उन्होंने अमेरिका की दो परमाणु पनडुब्बियों को “उचित क्षेत्रों” में तैनात करने का आदेश दिया है। उन्होंने यह कदम रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव द्वारा दिए गए भड़काऊ बयानों के जवाब में उठाया।
“निशाने पर हैं अमेरिकी पनडुब्बियां”
रूसी सांसद ने दो टूक कहा, “अमेरिकी पनडुब्बियों को भेजा जाए, वे पहले से ही हमारे निशाने पर हैं।” साथ ही उन्होंने अपील की कि रूस और अमेरिका के बीच एक स्थायी समझौता होना चाहिए ताकि वैश्विक शांति कायम रह सके और “तीसरे विश्व युद्ध” जैसे विषयों पर चर्चा समाप्त हो।
ट्रंप के बयान पर संदेह
रूस की ग्लोबल अफेयर्स पत्रिका के प्रधान संपादक फ्योदोर लुक्यानोव ने ट्रंप के बयानों को फिलहाल गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं बताई। उन्होंने कहा कि यह बयान अधिकतर राजनीतिक इरादों से प्रेरित प्रतीत होता है।
Comments are closed.