राहुल गांधी के चीन संबंधी बयान पर सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी: ‘एक सच्चा भारतीय ऐसा नहीं कहेगा’

4

सेना पर टिप्पणी को लेकर सुप्रीम कोर्ट की राहुल गांधी को फटकार, कहा – ‘सच्चे भारतीय ऐसी बात नहीं करते’

भारतीय सेना को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अदालत ने पूछा, “आपको कैसे पता चला कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा किया है?” साथ ही न्यायालय ने कहा कि अगर आप सच्चे भारतीय हैं, तो आपको सेना के बारे में ऐसे बयान नहीं देने चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा-

आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2000 स्क्वायर किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया है? इस जानकारी का स्रोत क्या है? क्या आपके पास कोई ठोस सबूत है? अगर आप सच्चे भारतीय हैं तो आपको ऐसा नहीं कहना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने संसद में मुद्दा उठाने की दी सलाह
कोर्ट ने राहुल गांधी से सवाल किया कि “जब सीमा पर विवाद चल रहा हो, तब क्या ऐसी बातें सार्वजनिक तौर पर कहना उचित है?” अदालत ने यह भी पूछा कि राहुल इस मुद्दे को संसद में क्यों नहीं उठाते और सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां क्यों करते हैं।

राहुल की ओर से सिंघवी ने रखा पक्ष
सीनियर अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने राहुल गांधी का पक्ष रखते हुए कहा, “अगर वह कुछ कह ही नहीं सकते तो उनके नेता प्रतिपक्ष होने का क्या अर्थ रह जाता है?” इस पर सुप्रीम कोर्ट ने दोबारा यही बात दोहराई कि “फिर वे संसद में सवाल क्यों नहीं पूछते?”

क्या है मामला?
यह पूरा विवाद राहुल गांधी के 2022 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिए गए बयान से जुड़ा है। उस समय गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच तनाव की पृष्ठभूमि में राहुल गांधी ने कहा था, “हमारी यात्रा पर सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन कोई यह नहीं पूछता कि चीनी सैनिकों ने हमारे जवानों को पीटा।” इसके अलावा उन्होंने यह दावा भी किया था कि चीन ने भारतीय जमीन पर कब्जा कर लिया है।

Comments are closed.