धराली: 66 घंटे बाद भी लापता लोगों की तलाश जारी, घरों में सीमेंट जैसी जमी गाद

1

धराली में राहत और बचाव कार्य तेज, 16 लोग अब भी लापता

उत्तरकाशी जिले के धराली में आपदा के 66 घंटे बाद भी लापता लोगों की खोज जारी है। पहली बार NDRF ने कैडावर डॉग्स को राहत कार्य में लगाया है, जबकि चार स्निफर डॉग्स जीवित लोगों की तलाश में जुटे हैं। सेना की इंजीनियरिंग रेजीमेंट मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए विशेष मशीनरी ला रही है।

तेज राहत आपूर्ति के लिए एविएशन बेस
मताली हेलिपैड पर अस्थायी एविएशन बेस से हेलीकॉप्टरों द्वारा राहत सामग्री और मेडिकल टीमें प्रभावित क्षेत्रों में भेजी जा रही हैं। धराली और हर्षिल में मेडिकल टीमें तैनात हैं। अब तक 70 से अधिक घायलों का इलाज हो चुका है, गंभीर मरीजों को एम्स ऋषिकेश और आर्मी अस्पताल में रेफर किया गया है। मानसिक आघात से जूझ रहे लोगों के लिए काउंसलिंग जारी है।

सड़क संपर्क टूटा, पुल बहा
बाढ़ से 163 सड़कें, जिनमें 5 राष्ट्रीय और 7 राज्य राजमार्ग शामिल हैं, बाधित हैं। लिमचिगढ़ में पुल बह जाने से धराली और हर्षिल का संपर्क कट गया है। BRO ने पुल निर्माण सामग्री भेज दी है और रास्ता खुलते ही काम शुरू होगा।

महाराष्ट्र के 16 लोग लापता
महाराष्ट्र के जलगांव के 16 लोग, जिनमें पर्यटक, स्थानीय और मजदूर शामिल हैं, अभी भी लापता हैं। सेना के 150 जवान राहत कार्यों में जुटे हैं। राज्य सरकार ने 160 पुलिसकर्मी भी तैनात किए हैं जो राशन और दवाओं का वितरण कर रहे हैं।

गांव का 70-90% हिस्सा मलबे में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मलबे की धार में आधे से ज्यादा धराली गांव तबाह हो गया। ऊंची इमारतें जमींदोज हो गईं और कई लोग मलबे में समा गए। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि 50-60 लोग लापता हैं और नुकसान 300-400 करोड़ रुपये तक हो सकता है।

Comments are closed.