उत्तराखंड के 8 जिलों में 4 दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल बंद, लोगों से घरों में रहने की अपील

1

उत्तराखंड में 8 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कई जगह तबाही

धराली में बादल फटने की घटना के बाद उत्तराखंड में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने पौड़ी गढ़वाल, टिहरी, उत्तरकाशी, देहरादून, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल में 12 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। स्थिति को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।

धराली आपदा में अब भी 60 से ज्यादा लोग लापता हैं। अब तक 274 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि कई के मलबे में दबे होने की आशंका है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर पहुंचकर राहत टीमों से मुलाकात की और निर्देश दिए। पौड़ी गढ़वाल के पाबौ और थलीसैंण ब्लॉकों में भी बादल फटने से जनहानि और बुनियादी ढांचे को नुकसान हुआ है।

चमोली जिले में तपोवन के पास सलधार में लगातार बारिश से राजमार्ग का 20 मीटर हिस्सा बह गया, जिसे बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है।

हिमाचल में भी खराब मौसम
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शिमला के रामपुर में बादल फटने से अचानक बाढ़ आई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। भूस्खलन के कारण तीन राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 496 सड़कें बंद हैं। इस मानसून सीजन में राज्य में 108 लोगों की मौत और 36 के लापता होने की पुष्टि हुई है, जबकि 1,900 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 8 से 10 अगस्त तक गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और उमस बनी रहेगी। 11 अगस्त को भी हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन बड़े स्तर पर वर्षा की उम्मीद नहीं है।

Comments are closed.