भारत पर 50% टैरिफ लगाने का अमेरिकी ऐलान, नोटिफिकेशन जारी होते ही कुछ घंटों में होगा लागू

2

अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। यह वही कदम है जिसकी घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले कर चुके थे।

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने इस संबंध में एक नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि नया टैरिफ 27 अगस्त, 2025 की आधी रात के बाद (पूर्वी डेलाइट समय के अनुसार) लागू हो जाएगा और उस समय के बाद आयात होने वाले या गोदाम से निकाले गए सामान पर सीधे असर डालेगा।

रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ा दबाव
अमेरिका ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब रूस-यूक्रेन शांति वार्ता ठप पड़ी हुई है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि भारत पर बढ़ा हुआ टैरिफ रूस के तेल व्यापार पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है। ट्रंप पहले ही भारत के सामान पर टैरिफ 25% से बढ़ाकर 50% करने का ऐलान कर चुके थे, जिसकी समयसीमा 27 अगस्त को खत्म हो रही थी।

भारत का कड़ा रुख
भारत ने इन सेकेंडरी टैरिफ को अन्यायपूर्ण बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत अपने ऊर्जा विकल्पों और राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि रूस से तेल खरीदने पर केवल भारत को निशाना क्यों बनाया जा रहा है, जबकि चीन और यूरोपीय देशों जैसे बड़े आयातक भी ऐसा ही कर रहे हैं। जयशंकर ने इसे “तेल विवाद” के रूप में गलत तरीके से प्रस्तुत करने की बात कही और भारत की रणनीतिक स्वायत्तता पर जोर दिया।

पीएम मोदी का संदेश
धानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुद्दे पर अमेरिका को कड़ा संदेश दिया। अहमदाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालकों और छोटे कारोबारियों के हित सर्वोपरि हैं और सरकार उन पर किसी भी अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद आंच नहीं आने देगी।

मोदी ने भगवान श्रीकृष्ण और महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ‘चक्रधारी श्रीकृष्ण’ और ‘चर्खाधारी गांधी’ की शक्ति से सशक्त है और अपने हितों की रक्षा के लिए किसी भी चुनौती का सामना करेगा।

आगे की रणनीति
भारत स्पष्ट कर चुका है कि वह अपनी ऊर्जा नीतियां राष्ट्रीय जरूरतों और दीर्घकालिक रणनीतिक हितों के आधार पर तय करेगा। अमेरिका के इस कदम से दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों में तनाव और बढ़ सकता है, लेकिन भारत ने साफ कर दिया है कि दबाव की राजनीति उसके निर्णयों को प्रभावित नहीं करेगी।

Comments are closed.