गणेश चतुर्थी पर देशभर में उत्सव की धूम, मुंबई से आंध्र तक श्रद्धा और जश्न का माहौल

5

गणेश चतुर्थी का पर्व: देशभर में उत्सव का माहौल, मुंबई में एआई से सुरक्षा इंतजाम

आज गणेश चतुर्थी का पर्व पूरे भारत में धूमधाम से मनाया जा रहा है। हालांकि महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, कर्नाटक और तेलंगाना में इसका उत्साह सबसे ज्यादा देखने को मिलता है। इस अवसर पर लोग अपने घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित करते हैं।

मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग चा राजा पंडाल में इस साल भी लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में अतिरिक्त बल तैनात कर चप्पे-चप्पे पर निगरानी की व्यवस्था की है।

मुंबई के प्रमुख गणेश पंडाल

  • लालबाग चा राजा – मुंबई का सबसे प्रसिद्ध गणेशोत्सव पंडाल, जहां लाखों लोग दर्शन के लिए आते हैं।
  • अंधेरीचा राजा – उपनगरों में सबसे लोकप्रिय पंडाल।
  • गणेश गली मुंबईचा राजा – शहर के सबसे पुराने और चर्चित गणेश पंडालों में से एक।
  • चिंचपोकली चा राजा, चिंतामणि – प्राचीन और श्रद्धेय पंडाल।
  • खेतवाड़ी चा गणराज – दक्षिण मुंबई में सजने वाला भव्य पंडाल।

शिरडी में भी गणेशोत्सव का उल्लास दिख रहा है। पुलिस प्रशासन ने यहां शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए हैं। वहीं, आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्यभर के 15,000 गणेश पंडालों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए 25 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। ऊर्जा मंत्री जी. रवि कुमार ने कहा कि उत्सव के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हों, इसके लिए कदम उठाए गए हैं।

बॉलीवुड सितारों का पारंपरिक अंदाज

गणेश चतुर्थी पर बॉलीवुड सितारे भी पूरे उत्साह से बप्पा का स्वागत करते हैं। इस बार ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने साड़ी पहनकर गणपति का स्वागत किया और अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उनकी ये झलकियां तेजी से वायरल हो रही हैं। हर साल की तरह कई सितारे अपने-अपने घर पर गणपति बप्पा को विराजमान करेंगे।

हर वर्ग में बप्पा का विश्वास

गणपति का उत्सव हर वर्ग और तबके को जोड़ता है। मुंबई के चेंबूर इलाके का सहयाद्री क्रीड़ा मंडल पंडाल ‘छोटा राजन के गणपति’ के नाम से भी प्रसिद्ध है। दरअसल, 80 के दशक के अंत में कुख्यात डॉन छोटा राजन इसी इलाके से जुड़ा था और तब से यह पंडाल चर्चित हो गया। आज यह जगह अपराध की छवि से अलग, केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से प्रसिद्ध है।

Comments are closed.