बिहार चुनाव: सीएम योगी आज से करेंगे प्रचार की शुरुआत, सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज भरेंगे नामांकन

3

बिहार विधानसभा चुनाव में गुरुवार का दिन सियासी रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

पहले चरण के नामांकन की अंतिम तिथि शुक्रवार को है, ऐसे में आज कई दिग्गज उम्मीदवार पर्चा दाखिल करेंगे। बुधवार को तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से नामांकन किया था, जबकि आज एनडीए के बड़े चेहरे मैदान में उतरने वाले हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मुंगेर जिले की तारापुर सीट से बीजेपी नेता और प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी आज नामांकन करेंगे। वहीं, समस्तीपुर की सरायरंजन सीट से जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी भी पर्चा दाखिल करेंगे। चुनावी हलचल के बीच एनडीए खेमे में टिकट बंटवारे को लेकर असंतोष की खबरें जारी हैं। कुछ नेताओं के बागी तेवर और विरोध के सुर सामने आने से दोनों दलों की शीर्ष नेतृत्व को सक्रिय होना पड़ा है।

दूसरी ओर, सीएम योगी आदित्यनाथ आज से बिहार में एनडीए के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे। वह आज भागलपुर में पहली चुनावी रैली को संबोधित करेंगे और अगले कुछ दिनों में सीमांचल से लेकर मगध तक की दर्जनों सीटों पर प्रचार करने वाले हैं। पार्टी को उम्मीद है कि योगी का आक्रामक अभियान हिंदुत्व वोटरों को एकजुट करेगा और चुनावी रफ्तार तेज करेगा।

तेजस्वी यादव ने किया नामांकन, 8.1 करोड़ की संपत्ति घोषित
राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को वैशाली जिले की राघोपुर सीट से नामांकन किया। उनके हलफनामे के मुताबिक, तेजस्वी के पास लगभग 8.1 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें एक इतालवी निर्मित पिस्तौल, 50 जिंदा कारतूस, लैपटॉप, और अन्य महंगी वस्तुएं शामिल हैं।

सुशांत सिंह राजपूत की बहन दिव्या गौतम ने भाकपा (माले) के टिकट पर दाखिल किया नामांकन

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन दिव्या गौतम ने दीघा विधानसभा सीट से भाकपा (माले) के टिकट पर पर्चा दाखिल किया। उन्होंने कहा, “बिहार में अगली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी। यह युवाओं की सरकार होगी।” उन्होंने बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार को बिहार के सबसे अहम मुद्दे बताया।

कांग्रेस में टिकट बंटवारे पर असंतोष
इस बीच, कांग्रेस ने बुधवार को अपने कई उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। हालांकि टिकट वितरण को लेकर पार्टी में असंतोष देखा गया है। कई नेताओं ने विरोध दर्ज कराया, जबकि पार्टी नेतृत्व ने सहयोगी राजद के साथ मतभेद सुलझाने की कोशिशें तेज कर दी हैं।

Comments are closed.