आरोप: रोहित गोदारा ने एक सोशल-मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि उन्होंने इस गोलीबारी को दो स्थानों पर अंजाम दिया
कनाडा में पंजाबी सिंगर तेजी कहलों पर फायरिंग, गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी
कनाडा में एक बार फिर भारतीय गैंगस्टरों की सक्रियता सामने आई है। पंजाबी सिंगर तेजी कहलों पर फायरिंग की घटना ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय में दहशत फैला दी है। बताया जा रहा है कि इस हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। यह वही गिरोह है जो पहले भी कई धमकी भरे पोस्ट और हमलों से जुड़ा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, यह गोलीबारी कनाडा में तेजी कहलों पर तब की गई जब वे अपने घर के बाहर थे। घटना के बाद गोदारा गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली गई, जिसमें लिखा गया कि “कनाडा में तेजी कहलों पर जो गोलीबारी हुई है, वह हमने करवाई है। इसके पेट में गोलियां लगी हैं। अगर अब भी समझ नहीं आया तो अगली बार खत्म कर देंगे।”
पोस्ट में आगे कहा गया कि तेजी कहलों पर हमला इसलिए किया गया क्योंकि वह “हमारे दुश्मनों को आर्थिक मदद और हथियार उपलब्ध करा रहा था, साथ ही हमारे खिलाफ मुखबरी कर रहा था।” गिरोह ने कनाडा में कारोबार करने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि अगर किसी ने भी उनके दुश्मनों को सहयोग दिया तो उन्हें और उनके परिवारों को निशाना बनाया जाएगा।
कनाडा में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की तरफ से कई पंजाबी गायकों और कारोबारियों को निशाना बनाया जा चुका है। लगातार हो रही ऐसी वारदातें यह संकेत दे रही हैं कि भारत से जुड़े अपराधी नेटवर्क अब कनाडा को अपनी सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, और वहां एक बड़ा गैंगवार पनप रहा है।
Comments are closed.