दिल्ली-यूपी में कड़ाके की ठंड का अलर्ट, तापमान में भारी गिरावट की आशंका

3

उत्तर भारत में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली में कोहरा और गिरते तापमान से बढ़ी सर्दी

उत्तर भारत में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। दिल्ली में सुबह घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ दिन की शुरुआत हो रही है। सुबह और देर शाम तापमान में गिरावट साफ महसूस की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, यूपी और झारखंड में आज शीतलहर की स्थिति बन सकती है। वहीं तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी है।
अगले 24 घंटों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 3–4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार
तमिलनाडु, केरल और माहे के कई हिस्सों में 16 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 16 से 18 नवंबर के बीच आंध्र प्रदेश व अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी तेज बारिश हो सकती है।

यूपी के कई जिलों में सुबह कोहरा, शाम को बढ़ेगी ठंड
गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, कानपुर, वाराणसी, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, बरेली, हरदोई, उन्नाव, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र समेत कई जिलों में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन शाम होते ही ठंड का असर फिर बढ़ेगा।

तापमान 7–10 डिग्री तक लुढ़कने की भविष्यवाणी
आईएमडी के अनुसार, अगले तीन–चार दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के कई स्थानों, और पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, एमपी, छत्तीसगढ़ और यूपी के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7–10°C के बीच रह सकता है।

सर्दी की अगुवाई ला-नीना के कारण, असर फरवरी तक
ला-नीना की वजह से उत्तरी भारत में ठंडी हवाएं और अधिक सक्रिय हो रही हैं। इससे कोहरे की तीव्रता, शीतलहर और तापमान गिरावट में तेजी आ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार सर्दी सामान्य से पहले शुरू हुई है और इसका असर फरवरी तक बना रहेगा।
कोहरा बढ़ने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है, जबकि स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है।

Comments are closed.