दिल्ली धमाका: जांच में पंजाब कनेक्शन उजागर, पठानकोट से डॉक्टर रईस अहमद भट्ट हिरासत में.
दिल्ली धमाके की जांच में पंजाब का कनेक्शन सामने आया है। सुरक्षा एजेंसियों ने शुक्रवार देर रात पठानकोट स्थित व्हाइट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से डॉ. रईस अहमद भट्ट को हिरासत में लिया। भट्ट जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग निवासी हैं और सर्जन के रूप में तैनात थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह धमाके के मुख्य आरोपित डॉ. उमर के संपर्क में था।
इसी बीच, यूपी एटीएस ने शामली, देवबंद और सहारनपुर से डॉ. आदिल के करीबी पांच संदिग्धों को भी पकड़ा है।
परिवार पुलिस सुरक्षा में
सूत्रों के अनुसार, डॉ. रईस पहले फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में काम कर चुके हैं। वे अपने सात साल के बेटे और पत्नी जोशिला हुसैन के साथ कॉलेज परिसर में ही रहते थे। भट्ट की हिरासत पर कॉलेज प्रशासन व पुलिस ने कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
जांच एजेंसियां अब मेडिकल कॉलेज के पुराने कर्मचारियों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं।
अल फलाह कड़ी की जांच तेज
एनआईए और बंगाल पुलिस द्वारा उत्तर दिनाजपुर के दालखोला से उठाए गए डॉ. जानिसार आलम को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। हालांकि, उसका फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया गया है। जानिसार ने बताया कि उसने एमबीबीएस अल फलाह यूनिवर्सिटी से किया है और गिरफ्तार प्रोफेसरों से शैक्षणिक कारणों से संपर्क में था।
जानिसार का परिवार लुधियाना में रहता है और वह इसी सप्ताह दालखोला एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने आया था।
सिरोही मस्जिद के इमाम से पूछताछ
फरीदाबाद की सिरोही मस्जिद के इमाम को भी डॉ. मुजम्मिल से संपर्क की आशंका में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मुजम्मिल वहां किन अन्य लोगों से संपर्क में था।
फरीदाबाद पुलिस ने सोहना से दो खाद-बीज दुकानदारों को भी पूछताछ के लिए उठाया था। आरोप है कि बरामद रसायन का एक हिस्सा इन दुकानों से खरीदा गया था, जिसका भुगतान जम्मू-कश्मीर से ऑनलाइन हुआ था। दुकानदारों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन उनके लैपटॉप और मोबाइल की जांच की गई और दोनों दुकानों को सील किया गया।
नेपाल सीमा पर दो विदेशी डॉक्टर गिरफ्तार
उधर, बहराइच में नेपाल सीमा से यूके में कार्यरत पाकिस्तानी मूल के चिकित्सक हस्सन अम्मान सलीम और कर्नाटक मूल की यूके की महिला डॉक्टर सुमित्रा शकील को भारत में अवैध प्रवेश की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। दोनों से सुरक्षा एजेंसियों ने कई घंटे पूछताछ की और विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Comments are closed.