शादी कैंसल होने के बाद स्मृति मंधाना का बड़ा फैसला, पलाश मुच्छल से रिश्ता खत्म

0

स्मृति मंधाना–पलाश मुच्छल की शादी रद्द, दोनों ने रिश्ते के टूटने की पुष्टि की

भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल ने रविवार को आधिकारिक बयान जारी कर यह स्पष्ट कर दिया कि उनकी शादी अब नहीं होगी और दोनों अलग हो चुके हैं। दोनों 23 नवंबर को शादी करने वाले थे, लेकिन शादी के दिन स्मृति के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद शादी टाल दी गई थी। इसके बाद से सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैलने लगी थीं।

शादी रद्द होने के बाद स्मृति ने इंस्टाग्राम पर पलाश को अनफॉलो कर दिया है और शादी से जुड़ी लगभग सभी तस्वीरें व वीडियो हटा दिए हैं। उन्होंने अपनी बायो से नजर वाली इमोजी भी हटा दी, जिससे कयास और मजबूत हुए।

रविवार को अपनी इंस्टा स्टोरी में स्मृति ने लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों से उनकी निजी जिंदगी पर अनचाही अटकलें लगाई जा रही हैं, जिसके चलते उन्हें स्पष्ट बयान देना जरूरी हो गया। उन्होंने पुष्टि की, “शादी कैंसल हो गई है। मैं इस विषय को यहीं समाप्त करना चाहती हूं और आप सभी से दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करने की अपील करती हूं।”

उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान आगे भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने पर ही रहेगा।

स्मृति के बयान के कुछ देर बाद पलाश मुच्छल ने भी अपनी प्रतिक्रिया जारी की। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने निजी रिश्ते से respectfully पीछे हटने का फैसला किया है। पलाश के अनुसार, इस दौरान फैली अफवाहों ने उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित किया, क्योंकि रिश्ते पर बिना पुष्टि वाले आरोपों ने चोट पहुंचाई। उन्होंने लोगों से बिना सोचे-समझे निष्कर्ष निकालने से बचने की अपील की।

गौरतलब है कि शादी टलने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे सामने आए थे—पलाश की कथित चैट, एक्स-गर्लफ्रेंड का जिक्र और अन्य अफवाहें—जिन पर किसी भी पक्ष की ओर से पहले कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी। पलक मुच्छल ने केवल इतना कहा था कि दोनों परिवार कठिन दौर से गुजर रहे हैं और सकारात्मक रहने की कोशिश कर रहे हैं।

अंततः रविवार को आए इन बयानों ने साफ कर दिया कि स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल दोनों अब आगे बढ़ने का निर्णय ले चुके हैं।

Comments are closed.