गोवा के चर्चित Birch by Romeo Lane नाइटक्लब अग्निकांड मामले में कार्रवाई लगातार तेज हो रही है।
गोवा पुलिस की अनुशंसा पर लूथरा ब्रदर्स के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए गए हैं, जबकि सरकार अब उनके पासपोर्ट पूरी तरह रद्द करने पर भी विचार कर रही है।
लूथरा ब्रदर्स का कोई पता नहीं
सीबीआई और गोवा पुलिस के पास अब तक दोनों भाइयों की ताज़ा लोकेशन की कोई जानकारी नहीं है। संदेह है कि वे थाईलैंड में हैं, लेकिन यह भी स्पष्ट नहीं है कि वे वहां से आगे किसी और देश में चले गए हैं या नहीं।
पासपोर्ट सस्पेंड होने का क्या मतलब है?
पासपोर्ट सस्पेंड होने का अर्थ है कि वह दस्तावेज़ अस्थायी रूप से अमान्य हो जाता है और धारक विदेश यात्रा नहीं कर सकता। इसे दोबारा सक्रिय कराने के लिए कानूनी प्रक्रिया से गुजरना जरूरी होता है। ऐसे कदम आम तौर पर गंभीर मामलों में उठाए जाते हैं, जैसा कि विजय माल्या और नीरव मोदी के मामलों में भी हुआ था।
अजय गुप्ता को गोवा लाया गया
नाइटक्लब के सहमालिक और गिरफ्तार आरोपी अजय गुप्ता को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया गया है। गोवा पुलिस उसे सीधे अंजुना थाने ले गई, जहां उससे विस्तार से पूछताछ की जा रही है। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 10 दिसंबर को अजय को 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर सौंपा था। बताया जाता है कि क्लब के संचालन और निवेश से जुड़ी कई अहम जानकारियां उन पर केंद्रित हैं।
MEA भी हुआ सक्रिय
गोवा सरकार ने गौरव और सौरभ लूथरा के पासपोर्ट रद्द करने की औपचारिक मांग विदेश मंत्रालय को भेजी थी, जिसे मंत्रालय ने मान लिया। इसके बाद दोनों के पासपोर्ट सस्पेंड कर दिए गए हैं, जिससे उन पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निगरानी और सख्त हो गई है।
दुबई कनेक्शन
जांच में खुलासा हुआ है कि लूथरा ब्रदर्स का परिवार दुबई में रहता है और वहीं उनका बड़ा नेटवर्क भी है। आग लगने की घटना से चार दिन पहले वे दुबई से भारत लौटे थे। आशंका थी कि वे फुकेट से सीधे दुबई जा सकते हैं, जिसके चलते इंटरपोल की CBI यूनिट को तुरंत अलर्ट जारी किया गया।
गुप्ता ब्रदर्स भी रडार पर
क्लब में निवेश से जुड़े अजय और राजेश गुप्ता भी पुलिस जांच के दायरे में आ गए हैं। दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं और क्लब के फाइनेंशियल और लाइसेंसिंग मॉडल में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आग के दौरान बुक की गई टिकटें
जांच में पता चला है कि 6-7 दिसंबर की रात 1:17 बजे, जब क्लब में आग बुझाने की कोशिशें चल रही थीं, उसी दौरान लूथरा ब्रदर्स ने फुकेट के लिए टिकट बुक किए। घटना के बाद वे दिल्ली से मुंबई पहुंचे और 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 से फुकेट रवाना हो गए।
अब तक 6 गिरफ्तारियां
अग्निकांड में अब तक 6 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। गौरव और सौरभ लूथरा के खिलाफ इंटरपोल का ब्लू नोटिस जारी है ताकि उनकी लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों को मिलती रहे। दोनों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, लेकिन फिलहाल उन्हें कोई राहत नहीं मिल पाई है।
Comments are closed.