ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर रविवार को हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई।
यह आंकड़ा और भी भयावह हो सकता था, अगर मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए हमलावर से उसकी बंदूक न छीन ली होती। अब उसी शख्स की बहादुरी की हर तरफ चर्चा हो रही है और लोग उसे ‘हीरो’ बता रहे हैं।
15 सेकंड के एक वीडियो में अहमद अल अहमद खड़ी कारों के पीछे छिपा हुआ दिखाई देते हैं. फिर अचानक वह पीछे से बंदूकधारी की ओर दौड़ते हैं, उसकी गर्दन पकड़ते हैं और राइफल छीन लेते हैं. बंदूकधारी जमीन पर गिर पड़ता है और तभी वो बंदूक वापस उसकी ओर तान देते हैं.
स्थानीय समाचार चैनल 7News के मुताबिक, इस बहादुर व्यक्ति की पहचान 43 वर्षीय अहमद अल अहमद के रूप में हुई है, जो पेशे से फल विक्रेता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि हमले के दौरान अहमद को भी दो गोलियां लगीं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी होनी थी।
यह हमला ऑस्ट्रेलिया में पिछले कई वर्षों का सबसे घातक हमला बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि निहत्थे अहमद गोलीबारी के बीच एक हमलावर को पकड़ लेते हैं, जिससे कई अन्य लोगों की जान बच गई।
7News ने मुस्तफा नाम के एक व्यक्ति से बात की, जिसने खुद को अहमद का चचेरा भाई बताया। उसने कहा,
“वह अस्पताल में है और हमें ठीक से नहीं पता कि अंदर क्या हो रहा है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह ठीक हो जाएगा। वह एक हीरो है।”
बताया जा रहा है कि अहमद को हथियार चलाने का कोई अनुभव नहीं है और वह उस वक्त महज उस इलाके से गुजर रहा था। सोशल मीडिया पर उसकी सूझ-बूझ और साहस की जमकर सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने भी अहमद को ‘हीरो’ करार दिया है।
पुलिस के अनुसार, बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर यह गोलीबारी की गई, जिसमें एक बच्चे समेत 29 लोग घायल हुए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने बताया कि यह हमला उस समय हुआ, जब सैकड़ों लोग हनुक्का के पहले दिन उत्सव मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे. इसे आतंकवादी घटना घोषित किया गया है. इज़रायल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीड़ितों में एक इज़रायली नागरिक भी शामिल है.
पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावरों की पहचान कर ली गई है। एक हमलावर की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि घटनास्थल के पास एक कार से विस्फोटक डिवाइस बरामद किया गया है।
हमले के बाद प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की आपात बैठक बुलाई। उन्होंने कहा,
“बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान एक भयावह आतंकवादी हमला हुआ है। यह यहूदी ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया घिनौना, यहूदी-विरोधी आतंकी कृत्य है, जिसने हमारे राष्ट्र के दिल पर हमला किया है।”
उन्होंने आगे कहा,
“यहूदी ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों पर हमला हर ऑस्ट्रेलियाई नागरिक पर हमला है। हमारे देश में नफरत, हिंसा और आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है, और हम इसे जड़ से खत्म करेंगे।”
Comments are closed.