उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। मैदानी राज्यों में घना कोहरा और दिनभर की गलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और शीतलहर ने तापमान को और नीचे गिरा दिया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, ठंड का यह दौर फिलहाल थमने वाला नहीं है और अगले कुछ दिनों तक मौसम की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रह सकती है।
मैदानी इलाकों में कोहरे का कहर
आज सुबह उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह और देर शाम तापमान में गिरावट के साथ नमी और ठंडी हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है। दिनभर बनी रहने वाली गलन के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन कोहरा और शीतलहर का असर बना रहेगा।
विजिबिलिटी शून्य, यातायात प्रभावित
आईएमडी द्वारा सुबह 5:30 बजे जारी विजिबिलिटी डेटा के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के आगरा, बरेली, सहारनपुर और गोरखपुर में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई। लखनऊ में विजिबिलिटी महज 100 मीटर रही।
पंजाब के अमृतसर, भटिंडा, लुधियाना और आदमपुर में भी दृश्यता 0 मीटर दर्ज की गई। दिल्ली के सफदरजंग में विजिबिलिटी 0 मीटर, जबकि पालम में 50 मीटर मापी गई। हरियाणा के अंबाला में दृश्यता शून्य और चंडीगढ़ में 200 मीटर रही। मध्य प्रदेश के ग्वालियर, बिहार के भागलपुर और झारखंड के डालटनगंज में भी हालात बेहद खराब रहे।
खराब दृश्यता के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि हाईवे पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं। यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है। निचले क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। हिमाचल में शिमला और धर्मशाला में बादल छाए रहे, जबकि सिरमौर, ऊना और मंडी में सुबह-शाम घनी धुंध देखी गई।
उत्तराखंड में बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में 20 दिसंबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड और तेज हो सकती है।
लखनऊ में शीतलहर का डबल अटैक
राजधानी लखनऊ में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा और शीतलहर का दोहरा असर रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी।
इस बार ज्यादा तीखी रह सकती है सर्दी
मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल उत्तर भारत में ठंड औसत से अधिक तीव्र रह सकती है। कई मैदानी इलाकों में पाले की संभावना भी जताई गई है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने और सुबह-शाम यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.