असम में बड़ा ट्रेन हादसा सामने आया है। ट्रेन संख्या 20507 डाउन सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के एक झुंड से टकरा गई, जिससे ट्रेन का इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक पर आठ हाथियों का झुंड मौजूद था, जिनमें से अधिकतर की मौत हो गई है। यह हादसा ऐसे स्थान पर हुआ, जिसे हाथियों का आधिकारिक गलियारा नहीं माना जाता। बताया गया कि लोको पायलट ने हाथियों को देखकर तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाए, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन को रोका नहीं जा सका और हादसा हो गया।
यह दुर्घटना पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में हुई। हादसे का स्थान गुवाहाटी से करीब 126 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों के साथ रेस्क्यू ट्रेन को मौके के लिए रवाना कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पटरी से उतरे डिब्बों और पटरियों पर हाथियों के शव पड़े होने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों की रेल सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हुई हैं। इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों को फिलहाल यूपी लाइन से डायवर्ट किया जा रहा है। रेलवे की ओर से ट्रैक की मरम्मत और बहाली का काम जारी है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को ट्रेन के अन्य कोचों में उपलब्ध खाली बर्थों पर अस्थायी रूप से समायोजित किया गया। क्षतिग्रस्त डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को गुवाहाटी के लिए रवाना कर दिया गया है। गुवाहाटी पहुंचने पर यात्रियों के समायोजन के लिए अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे, जिसके बाद ट्रेन अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू करेगी।
Comments are closed.