दिल्ली-एनसीआर में स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है और वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। धुंध के कारण विजिबिलिटी में भारी कमी आई है, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, रविवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 398 दर्ज किया गया। यह ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है और ‘गंभीर’ स्तर के बेहद करीब है।
GRAP स्टेज-IV के बावजूद हालात गंभीर
ग्रैप (GRAP) स्टेज-IV के तहत सभी सख्त प्रतिबंध लागू होने के बावजूद राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया।
आनंद विहार में AQI 433, बवाना 442, बुराड़ी 383, चांदनी चौक 452, द्वारका 414, आईटीओ 399, अक्षरधाम 438, जहांगीरपुरी 440, मुंडका 434, नरेला 418, रोहिणी 438, विवेक विहार 418 और वजीरपुर में 446 रिकॉर्ड किया गया।
एनसीआर के शहरों में भी ‘गंभीर’ प्रदूषण
दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर बनी हुई है। सुबह सात बजे नोएडा में AQI 401, ग्रेटर नोएडा में 334, गाजियाबाद में 361 और गुरुग्राम में 362 दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कम हवा की गति और प्रतिकूल मौसमीय परिस्थितियों के कारण फिलहाल प्रदूषण से राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं।
Comments are closed.